#manavsehyogschool
PSEB जोनल वॉलीबॉल में मानव सहयोग स्कूल का परचम, अंडर-17 व अंडर-19 में खिताबी जीत
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल की वॉलीबॉल टीमों ने पी.एस.ई.बी. जोनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 एवं अंडर-19 बॉयज़ कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में मानव सहयोग स्कूल ने इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, लोहारा को पराजित किया, जबकि अंडर-19 के फाइनल में गुरुकुल स्कूल को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, लोहारा में किया गया।
दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और शानदार टीमवर्क का परिचय देते हुए यह दोहरी सफलता हासिल की। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने विद्यालय की खेल प्रतिभाओं और उन्हें दिए जा रहे उत्कृष्ट प्रशिक्षण को एक बार फिर साबित किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या सपना कुमार, प्रबंधन समिति एवं समस्त स्टाफ ने विजेता खिलाड़ियों और कोच को हार्दिक बधाई दी। प्राचार्या ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी जज्बे के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मानव सहयोग स्कूल में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल के ईको क्लब द्वारा वन महोत्सव के उपलक्ष्य में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। प्रत्येक पौधे को माँ के प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता का प्रतीक मानते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना के अनुरूप समर्पित किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल सपना कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी के अमूल्य प्राकृतिक संसाधन हैं और मानव जीवन के अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
ईको क्लब की प्रभारी प्रिया आहूजा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में समस्त विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते हुए हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषण-मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
मानव सहयोग स्कूल में सहोदय अंतर-विद्यालय पंजाबी कविता-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल में सहोदय के अंतर्गत पंजाबी भाषा को समर्पित अंतर-विद्यालय पंजाबी कविता-पाठ प्रतियोगिता बड़े उत्साह एवं रंगारंग वातावरण में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में जालंधर शहर के 36 प्रतिष्ठित स्कूलों ने भाग लिया। “रोबोट और इंसान की बातचीत” तथा “मेरे सपनों का पंजाब: 2040” इस कविता-पाठ प्रतियोगिता के मुख्य विषय रहे। विद्यार्थियों ने अपने विचारों, शुद्ध भाषा एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से पंजाब के भविष्य, संस्कृति, शिक्षा तथा सामाजिक विकास से संबंधित काव्यमय विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉ. वीना अरोड़ा जी (सेवानिवृत्त पंजाबी प्रोफेसर, हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर) एवं डॉ. पल्लवी समरोल जी (पंजाबी प्रोफेसर, सी.टी. इंस्टीट्यूट, जालंधर) उपस्थित रहे। उन्होंने निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जशनप्रीत (श्री हनुमत इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गोराया, जालंधर), द्वितीय स्थान गुरनूर (गुरुकुल स्कूल, जालंधर) तथा तृतीय स्थान परनीत कौर ( डिप्स स्कूल, कपूरथला) ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त भवरीत कौर (संतूर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल) एवं एलिजा गुप्ता (सोमरसेट इंटरनेशनल स्कूल) को प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया गया
मानव सहयोग स्कूल ने छुए कामयाबी के नए आसमान, 10वीं बोर्ड परीक्षा में 100% परिणाम
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए CBSE दसवीं कक्षा बोर्ड परीक्षा में 100% परिणाम हासिल किया। परीक्षा में शामिल हुए सभी 82 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। खास बात यह रही कि स्कूल के 11 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।

स्कूल के विद्यार्थियों में सुखमनवीर सिंह ने 99.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। मनमीत कौर ने 97.8% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि समीर सहोता ने 97% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। सुखमनवीर ने विज्ञान विषय में पूरे 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही मार्केटिंग एंड सेल्स विषय में इशिता मल्ल और मनमीत कौर ने भी 100 में से 100 अंक प्राप्त कर गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा अन्य प्रमुख विद्यार्थियों में इशिता मल्ल (96%), हरनूर कौर निज्जर (94%), हरलीन (93.4%), हरमन शिमार (93.2%), हरनूर कौर (92.2%), अर्शदीप कौर (91.8%), हरजोत सिंह (91.6%) और रवनीत कौर निज्जर (91.2%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 81% से 90% के बीच अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 16 रही।
यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और स्कूल के उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण वातावरण को दर्शाते हैं। समस्त स्कूल प्रबंधन समिति और शिक्षक वर्ग ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, “यह शानदार परिणाम हमारे विद्यार्थियों की लगन, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। हम सदैव प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता को निखारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
स्कूल में इस खुशी के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा जश्न मनाया गया। मैनेजिंग कमेटी के सदस्य विनेश जैन जी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने सभी को दिल से बधाई दी तथा भविष्य में हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन की रस्म से की गई। इसके बाद अध्यापकों और विद्यार्थियों द्वारा एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी कविता के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पैनल चर्चा रही, जिसमें महिलाओं की भूमिका, उनकी उपलब्धियों तथा समाज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में विचार साझा किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, जो कि विद्यार्थियों की माताएँ थीं, ने मॉडलिंग भी प्रस्तुत की, जिससे कार्यक्रम की रौनक और बढ़ गई।
इसके अतिरिक्त स्कूल की वरिष्ठ अध्यापिकाएँ मिस सुरिंदर कौर, मिस कमलजीत और मिस अमरिंदर कौर ने भी विशेष रूप से भाग लिया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान तंबोला की रोचक खेल गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इसके बाद पैनल सदस्यों को सम्मानित किया गया और विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया।
अंत में स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से महिलाओं की शक्ति, साहस और समाज के प्रति उनके योगदान को सलाम करने के लिए समर्पित रहा।
मानव सहयोग स्कूल के विदाई समारोह में मोहित डांग बने MR और सुखप्रीत कौर बनीं MISS MSS
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के शाहपुर में स्थित मानव सहयोग स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय प्रांगण में भव्य “विदाई समारोह” का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल सपना कुमार, वाइस प्रिंसिपल दीपक बहल, सरदार अजीत सिंह सहित समस्त अध्यापकगण तथा कक्षा 11वीं के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, नृत्य तथा मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। रैंप वॉक के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक अदाओं और आत्मविश्वास से सभी का मन मोह लिया। जजों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सफलतापूर्वक उत्तर देते हुए कक्षा 12वीं के विद्यार्थी मोहित डांग को मिस्टर एम.एस.एस. तथा सुखप्रीत कौर को मिस एम.एस.एस. चुना गया।
इसके साथ ही कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने स्कूल से जुड़े अपने मीठे अनुभव साझा करते हुए कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल सपना कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि वे विद्यालय से प्राप्त ज्ञान व कौशल को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाकर सफलता के पथ पर अग्रसर होंगे तथा अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर / स्वस्थ्य)
जालंधर : समाज सेवा और मानवता की भावना को सशक्त करते हुए आज मानव सहयोग सोसायटी जालंधर द्वारा पिम्स अस्पताल के सहयोग से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क जनरल मेडिकल एवं नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन स्कूल परिसर , 66 फुट रोड, जालंधर में किया गया।
शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक का था। जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजसेवियों, युवाओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव श्री सुरजीत कुमार , मानव सहयोग सोसायटी के सचिव श्री विनेश जैन तथा श्री राकेश बाली विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर के दौरान एकत्र किया गया रक्त थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार हेतु उपयोग में लाया जाएगा।
इस अवसर पर मानव सहयोग सोसायटी, जालंधर के डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम द्वारा लोगों की निःशुल्क जनरल मेडिकल जांच एवं नेत्र जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी फैलायी गई।
शिविर के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार ने अपने संदेश में कहा, “रक्तदान सबसे बड़ी मानवीय सेवा है। मानव सहयोग सोसायटी सदैव समाज कल्याण के कार्यों में अग्रणी रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।”
मानव सहयोग स्कूल की ओर से सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों, सहयोगी संस्थाओं एवं सेवाभावी स्वयंसेवकों का हार्दिक धन्यवाद किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं रिफ्रेशमेंट भी प्रदान की गई।
यह शिविर मानवता, सहयोग और सेवा भावना का एक प्रेरणादायक एवं सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आया।
मानव सहयोग सोसायटी का थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए महा-अभियान, 8 फरवरी को जुटेगा रक्तदान का सैलाब
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: मानव सेवा के गौरवमयी 53 वर्षों का इतिहास समेटे हुए ‘मानव सहयोग सोसायटी’ द्वारा आगामी रविवार, 08 फरवरी को जालंधर के 66 फुट रोड स्थित मानव सहयोग स्कूल में एक विशाल रक्तदान, जनरल मेडिकल एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक चलने वाला यह भव्य शिविर न केवल स्वास्थ्य जांच का केंद्र बनेगा, बल्कि मानवता की सेवा का एक जीवंत उदाहरण भी पेश करेगा, जिसमें शहर के प्रमुख चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
यह संपूर्ण आयोजन विशेष रूप से थैलेसीमिया से जूझ रहे उन मासूम बच्चों की सांसों को थामने के लिए समर्पित है, जिन्हें जीवित रहने के लिए नियमित रक्त की अनिवार्य आवश्यकता होती है। इस पुनीत कार्य में पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (PIMS) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तकनीकी सहयोग देगी। सोसायटी का लक्ष्य इस शिविर के माध्यम से पर्याप्त रक्त यूनिट एकत्रित करना है ताकि किसी भी पीड़ित बच्चे को रक्त की कमी के कारण संकट का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य सुविधाओं को ओर व्यापक बनाते हुए शिविर में आम जनता के लिए निःशुल्क जनरल हेल्थ चेक-अप और अत्याधुनिक नेत्र जांच की व्यवस्था भी की गई है। शिविर का उद्देश्य उन लोगों तक पहुंच बनाना है जो व्यस्त जीवनशैली के कारण अपनी नियमित जांच नहीं करा पाते। विशेषज्ञों द्वारा परामर्श के साथ-साथ आंखों की देखभाल के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग को इस सामूहिक स्वास्थ्य अभियान का सीधा लाभ मिल सके।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘रक्तदान महादान है’, जो न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की जड़ों को भी मजबूत करता है। शिविर में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं जलपान देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि मानवता की इस निस्वार्थ सेवा को व्यापक प्रोत्साहन मिल सके।
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: जालंधर के मानव सहयोग स्कूल में 4 फरवरी को विद्यार्थियों के लिए ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शमशेर सिंह, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान शमशेर सिंह ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी बेहद रोचक और सरल तरीके से दी। उन्होंने सड़क पर सुरक्षित रूप से चलने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सेमिनार में भाग लिया और प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा व्यक्त की।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल मैडम सपना कुमार ने कहा कि इस तरह के सेमिनार विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को छोटी उम्र से ही ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शिक्षा देने से वे भविष्य में जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बन सकते हैं। अंत में मुख्य अतिथि का धन्यवाद किया गया तथा विद्यार्थियों से हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई।