दोआबा न्यूज़लाइन
आरोपी ने लांबड़ा थाने पहुंच कबूल किया गुनाह
जालंधर: जालंधर के देहात क्षेत्र थाना लांबड़ा के अंतर्गत आते सागर एन्क्लेव से आज एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि लांबड़ा थाने में पड़ते सागर एन्क्लेव में एक पति ने रोटी बनाने वाले तवे से मार- मार कर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पति ने इतनी बुरी तरह से अपनी पत्नी पर हमला किया कि उसकी आंखें तक बाहर आ गईं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान 48 वर्षीय सीता देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी पति ने लांबड़ा थाने में जाकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया और अपना गुनाह कबूल कर लिया कि उसने अपनी पत्नी कि हत्या की है। जानकारी के अनुसार आरोपी पति 55 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा का परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और यहां किराये के मकान में रह रहा था। आरोपी विश्वकर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वहीं घटना की सूचना पाकर लांबड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घर से खून से लथपथ महिला का शव बरामद किया। फिलहाल थाना लांबड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और प्रारंभिक पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संतोष विश्वकर्मा नेपाल में एक हत्या मामले में शामिल था और वहां से भागकर पंजाब आया था। हालांकि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस बात में कितनी सच्चाई है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक़्त महिला के के बेटे फैक्टरी में काम पर गए हुए थे। जब वह सूचना पाकर घर लौटे तो माँ का क्षत-विक्षत शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटे तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने सीता देवी को मृत घोषित कर दिया।