दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: महानगर के गुरु नानक मिशन चौक पर सोमवार सुबह उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब एक पेट्रोल से भरे टैंकर की वेन्यू कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। लेकिन राहत भारी बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं एक्सीडेंट के बाद मौके पर दोनों पक्षों में भारी विवाद देखने को मिला।
एक्सीडेंट के संबंध में जानकारी देते हुए टैंकर चालक सरबजीत सिंह ने बताया कि वह बठिंडा से पेट्रोल लोड करके आ रहा था। लेकिन जैसे ही वह गुरु नानक मिशन चौक में डिवाइडर के साथ अपनी दिशा में जा रहा था, तभी वेन्यू कार चालक ने टैंकर में टक्कर मार दी। उसका कहना है कि हादसा कार चालक की लापरवाही से हुआ है। ड्राइवर का दावा है कि उसके पास हादसे का पूरा वीडियो है।
वहीं दूसरी तरफ कार सवार बलदेव सिंह खालसा ने बताया कि वह मकसूदां से बच्चों को बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान वह सही दिशा में थे, तभी टैंकर चालक ने अचानक कट मारा और उनकी कार घूम गई और टैंकर से टकरा गई। उसने बताया कि हादसे में गाड़ी का पिछला दरवाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई और बड़ा जानी नुकसान टल गया।
वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी।