दोआबा न्यूज़लाइन
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए ‘वार ऑन गैंगस्टर’ अभियान के तहत एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार एक स्पेशल ऑपरेशन ‘ऑपरेशन लॉन्ग आर्म’ के तहत पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वीरेंद्र जोबन को अफ्रीकी देश अंगोला से आज गिरफ्तार किया गया है। इस बात की पुष्टि खुद एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के एसपी बिक्रमजीत सिंह ने की है।
इस कामयाबी के संबंध में जानकारी देते हुए AGTF के एसपी बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि अफ्रीकी देश अंगोला से पंजाब के सबसे बड़े और वांटेड गैंगस्टर वीरेंद्र जोबन को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन लॉन्ग आर्म’ के तहत की गई है। बिक्रमजीत सिंह ने आगे बताया कि पिछले तीन महीनों से इंटेलिजेंस की मदद से लगातार इस ऑपरेशन पर काम किया जा रहा था। केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने इस पूरे ऑपरेशन में भी पूरा सहयोग दिया है।
SP वीरेंद्र जोबन के मुताबिक जोबन ने ‘संदीप’ नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश में शरण ले ली थी। फर्जी पहचान के कारण ऑपरेशन में काफी दिक्क्तें आईं, लेकिन विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय व तकनीकी निगरानी के माध्यम से आज गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि पंजाब सरकार ने वीरेंद्र जोबन पर 5 लाख रुपए का इनाम भी रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी 4 सनसनीखेज हत्या मामलों में वांटेड था और हत्या कर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भाग गया था और अब उसकी गिरफ़्तारी हो गयी है।
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मनजोत सिंह नाम के एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है। जो हरियाणा में वांटेड बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वीरेंद्र जोबन की गिरफ्तारी से उन गैंगस्टरों को कड़ा संदेश मिला है जो विदेशों में बैठकर पंजाब में धमकियां, फिरौती और अपराध का नेटवर्क चला रहे हैं। अब पुलिस इस गैंगस्टर को जल्द ही पंजाब वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।