दोआबा न्यूज़लाइन
अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में आज तड़के सुबह आगजनी का भयानक मंजर देखने को मिला। बताया जा रहा है कि अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में आज सुबह करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। घटना के समय चाइल्ड केयर यूनिट में लगभग 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। जिनमें से 3 नवजात बच्चों की आग की चपेट में आने से मौत हो गई है। जबकि बाकि 36 बच्चों को अस्पताल स्टाफ द्वारा समय रहते बाहर निकल लिया गया है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अचलपुर के रहने वाले योगेश सावर्कर ने बताया कि उनकी पत्नी और 8 दिन का बच्चा इसी अस्पताल में भर्ती था। वह रात में अस्पताल के बाहर सो रहे थे। तड़के सुबह उन्होंने NICU में आग और धुआं फैलता हुआ देखा। NICU में आग की खबर के बाद से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। योगेश ने बताया कि वे पहली मंजिल पर पहुंचे और अपने बच्चे को लेकर नीचे भागे। उन्होंने बताया कि दूसरे परिजन भी अपने बच्चों को बचाने के लिए वार्ड की ओर दौड़ रहे थे।
योगेश के अनुसार अस्पताल के गार्ड और नर्सें भी तुरंत बच्चों को निकालने के लिए वार्ड में पहुंची। जिसके बाद उन्होंने बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। परिजनों का दावा है कि आग लगने के बाद अस्पताल का वॉटर स्प्रे सिस्टम काम नहीं कर रहा था। उनका कहना है कि सिस्टम तुरंत सक्रिय होना चाहिए था।
वहीं NICU में लगी आग से 3 बच्चों की मौत पर दुःख व्यक्त करते महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं। फडणवीस ने साफ़ कहा है कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृत नवजातों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
बताते चलें कि इस घटना से दो दिन पहले शनिवार को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भी ऐसी ही घटना घटी थी। जहां अस्पताल के NICU में शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद भयानक आग लग गई थी। उक्त हादसे में भी 3 नवजात झुलस गए थे जबकि एक की मौत हो गई थी।