दोआबा न्यूज़लाइन
अमृतसर: बादतलते मौसम के चलते अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के समय में बदलाव कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब सहित उत्तर भारत में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने 1 मई दिन शुक्रवार से ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह का नया शेड्यूल लागू कर दिया है। नए समय के अनुसार रिट्रीट सेरेमनी शाम 6 बजे से शुरू होकर 6:30 बजे तक चलेगी।
बता दें कि पहले यह समारोह शाम 5:30 बजे से 6:00 बजे तक चलता था। लेकिन अब यह रोमांचक परेड आधा घंटा देरी से शुरू होगी। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि गर्मियों में दिन बड़े होने और दोपहर की तेज धूप के कारण दर्शकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आमतौर पर अटारी-वाघा बॉर्डर पर हर रोज होने वाली इस देशभक्ति से भरपूर सेरेमनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी भारत और पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा की जाने वाली एक विशेष परंपरा है, जिसमें जोश, अनुशासन और देशभक्ति की झलक देखने को मिलती है। हर शाम अटारी बॉर्डर पर होने वाला यह समारोह भारतीय और विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है। इसमें भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवान और पाकिस्तानी रेंजर्स अपने तालमेल भरे और ऊर्जावान ड्रिल्स (High-energy drills) से दर्शकों में जोश भर देते हैं।
वहीं प्रशासन और बीएसएफ अधिकारियों ने बीटिंग रिट्रीट समारोह देखने आने वाले पर्यटकों को सलाह दी है कि वे समारोह का पूरा आनंद लेने के लिए और सुरक्षा जांच की प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले पहुंचें। चूंकि अब गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, इसलिए दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करके आएं।