दोआबा न्यूज़लाइन
दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर गिरी 5 मंजिला इमारत हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन अभी भी मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है और इसी के चलते घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। लेकिन इसी बीच अब मामले में एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटनाग्रस्त बिल्डिंग के फरार मालिक हरि ओम बंसल को आज पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीमों ने सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर दबिश कर आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी शहर से हिरासत में लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी हरि ओम को दिल्ली लाकर अब उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी लापरवाही की कड़ियों को जोड़ रही है। बता दें कि हादसे के बाद से पुलिस ने आरोपी बिल्डिंग मालिक हरि ओम बंसल को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ-साथ 10 विशेष टीमों का गठन किया था।
बताते चलें कि रविवार दोपहर करीब करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। इमारत में बड़ी संख्या में छात्र रहते थे। जिसके बाद आसपास के लोगों और रेस्क्यू टीमों द्वारा बचाव अभियान चला गया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू टीम ने सोमवार सुबह आज भी मलबे से एक और शव निकाला है। उधर 12 लोगों को बचाया गया है। जिनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लापता लोगों की तलाश मलबे में लोगों की तलाश की जा रही है।