

दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब के जालंधर से आए दिन गोली चलने और लड़ाई-झगडे जैसे आपराधिक मामले सामने आते ही रहते हैं। ताजा मामला बीती देर शाम जालंधर के रामामंडी से सामने आया है जहां बीती देर शाम रामामंडी में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर एक्टिवा सवार युवकों ने फिल्मी स्टाइल में भरे बाजार में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसके बाद बाजार में अचानक से हड़कंप मच गया। घटना देर शाम 7: 30 बजे के करीब की बताई जा रही है। घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

प्राप्त जानकारी के देर शाम नांगल शामा की ओर से एक्टिवा सवार युवक एक फॉर्च्यूनर गाड़ी का पीछा कर रहे थे, गाड़ी एक प्रॉपर्टी डीलर चला रहा था। जैसे ही गाड़ी रामामंडी बाजार में आईसीआईसीआई बैंक के पास पहुंची तभी अचानक हमलावरों ने फॉर्च्यूनर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जबकि फॉर्च्यूनर सवार ने डरने की बजाए हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी से एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान फॉर्च्यूनर सवार ने अपनी सेल्फ डिफेंस के लिए 2- 3 राउंड फायर भी किए। वहीं मौके पर खुद को फंसता देख एक्टिवा सवार युवक एक्टिवा छोड़ वहां से भाग गए। राहत भरी खबर यह है कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।


वहीं घटना की सूचना पाकर थाना रामामंडी पुलिस और कमिश्नरेट जालंधर की अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी और एक्टिवा को अपने कब्जे में ले लिया है और मौके से गोलियों के खाली खोल भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

