



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: नशों की अवैध सप्लाई और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जालंधर देहात के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों के अनुसार जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष CASO (Cordon and Search Operation) चलाए गए। इन अभियानों के दौरान पुलिस टीमों द्वारा नशों से संबंधित गतिविधियों के लिए चिन्हित संदिग्ध स्थानों की गहनता से जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, वाहनों की चेकिंग तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी को भी सुनिश्चित किया गया।



यह अभियान संबंधित सब-डिवीजनों के डीएसपी की निगरानी में चलाए गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर चेकिंग अभियान का जायजा लिया गया तथा पुलिस टीमों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
CASO के दौरान चिन्हित नशा हॉटस्पॉट्स के अलावा खाली मकानों, सुनसान स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों को विशेष रूप से कवर किया गया। इन स्थानों की गहन तलाशी और चेकिंग की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इनका इस्तेमाल नशों की बिक्री या किसी अन्य गैर-कानूनी गतिविधि के लिए न किया जा रहा हो।

इस विशेष अभियान के दौरान जालंधर ग्रामीण के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में NDPS एक्ट के तहत 04 FIR दर्ज की गईं तथा इन मामलों में 04 आरोपियों को उसी दिन गिरफ्तार किया गया।


जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशों का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे दोबारा समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। वहीं नशों की बिक्री, सप्लाई और तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी जालंधर ग्रामीण, स. हरविंदर सिंह विरक ने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। नशा तस्करी में शामिल तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर निगरानी की जा रही है, ताकि कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा ऐसी विशेष एवं अचानक चेकिंग मुहिम लगातार जारी रखी जाएगी। नशों की बिक्री या सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



