Home हिमाचल प्रदेश CM सुक्खू ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर किया शोक व्यक्त

CM सुक्खू ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर किया शोक व्यक्त

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार प्रातः कांगड़ा जिले स्थित उनके पैतृक गांव त्यारा में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। इस दुःख की घडी में शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशेष रूप से कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के कल्याण और लोगों की सेवा के लिए मेजर विजय सिंह मनकोटिया द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

बता दें कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया का जन्म 23 नवंबर 1938 को हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में सैन्य अधिकारी के रूप में कई वर्षों तक सेवाएं दीं। वर्ष 1980 में उन्होंने सेना से सेवानिवृत्ति ली और वर्ष 1982 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली बार शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। मेजर विजय सिंह मनकोटिया वर्ष 1982, 1985, 1990, 1993 और 2003 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उन्होंने वर्ष 1995 से 1998 तक तथा मार्च 2003 से जुलाई 2004 तक पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं विधि मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

 

 

You may also like

Leave a Comment