



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: शहर के एच. एम. वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए छात्रों के स्वागत हेतु फ्रैशर पार्टी जश्न-ए-आगाज़ 2026 का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। जिसका उद्देश्य हर नए विद्यार्थी को एच. एम. वी. परिवार के अभिन्न अंग के रूप में जुड़ा हुआ एहसास करवाना एवं उनका गर्व और समामान के साथ स्वागत करना था। सारे परिसर को युवा आकांक्षाओं, कलात्मक प्रतिभा और आनंदमय प्रेम के जीवंत रंगों से सजाया गया था।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या डॉ. एकता खोसला का पारंपरिक पंजाबी अंदाज़ में पंजाबी बोलियों की मधुर धुनों के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेम से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल तिलक एवं ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात समागम में उपस्थित सर्वजनों ने डी. ए. वी. गायन कर समस्त वातावरण में संस्थागत गर्व का भाव भर दिया। एच. एम. वी. की पर्यावरण के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखते हुए डॉ. सीमा मारवाहा, डीन अकादमिक एवं स्कूल एडवाइज़र, उपमा गुप्ता, स्कूल इंचार्ज द्वारा प्राचार्या डॉ. एकता खोसला को ग्रीन प्लांटर भेट कर हार्दिक अभिनंदन किया।
इसके साथ ही डॉ. अंजना भाटिया, बॉटनी विभागाध्यक्षा, डॉ. उर्वशी मिश्रा, डीन स्टूडेंट काउंसिल एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी प्लांटर भेंट कर सम्मानित किया। सर्वप्रथम उपमा गुप्ता ने प्राचार्या, सम्मानित निर्णायकों, शिक्षकगण और फ्रैशर का अभिनंदन करते हुए उनका एच. एम. वी. की समृद्ध विरासत में एक और होनहार बैच के रूप में प्रसन्नता व्यक्त की। प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि +1 कक्षा उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाने वाली रनवे है, जहाँ समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के सपने पंख पाते हैं। उन्होंने छात्राओं से हर अवसर पर धैर्य, दृढ़ता और अटूट आत्मविश्वास को अपनाने के लिए प्रेरित किया और एच.एम.वी. के मूल्यों और परंपराओं को बनाए रखते हुए ऊर्जा के साथ लक्ष्य प्राप्ति की ओर अग्रसर होने का प्रेरणादायक एवं विचारात्मक संदेश दिया।


इस अवसर पर मॉडलिंग राउंड भी करवाए गए। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ नृत्य, गीत, भांगड़ा, गेम्स आदि प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया एवं वातावरण को आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर +2 की छात्रा निकिता का शानदार स्केटिंग प्रदर्शन सबसे अलग रहा जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. नवरूप कौर, एडवाइज़र यूथ वेलफेयर एवं विभागाध्यक्षा पंजाबी, दीपशिखा, विभागाध्यक्षा रसायन विज्ञान व डॉ. संगीता अरोड़ा, विभागाध्यक्षा कंप्यूटर साइंस द्वारा निभाई गई। जिन्होंने निष्पक्षता एवं सूझबूझ से विजेताओं का चयन किया। फ्रैशर का मुख्य आकर्षण विभिन्न उपाधियों का चयन रहा। जिसमें मिस एच. एम. वी. फ्रैशर 2026 कु. हर्षिता, मिस चार्मिंग कु. रिदम कौर, मिस कॉन्फिडेंट कु. सबनूर कौर, मिस एलिगेंस कु. अर्शदीप कौर, मिस स्पार्कलिंग स्माइल कु. जेसिका, मिस कल्चरल कु. नैंसी चयनित हुई। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और पूर्ण प्रतिभा के साथ प्रतिभागिता की।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने विजयी छात्राओं को उपहार, ताज व प्लांटर भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन रेणु वालिया, इवेंट इंचार्ज द्वारा धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। मंच का संचालन स्टूडेंट काउंसिल की छात्राओं पाहुल, हिमांशी, मुस्कान, दिया वैद, उमा अरोड़ा एवं श्रेया द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।



