

दोआबा न्यूजलाइन

जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अपने पैतृक गांव सतौज में बिजली की तारों को पूरी तरह अंडरग्राउंड करने वाले पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत कर ‘रोशन पंजाब’ और ‘रंगला पंजाब’ के सपने को नई दिशा दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब को आधुनिक, सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बिजली व्यवस्था प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।


अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि पंजाब को देश का पहला ‘खंभा-मुक्त’ और बिजली के तारों के जाल से मुक्त राज्य बनाने की दिशा में भगवंत मान सरकार की यह अनूठी पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में फैले बिजली के तारों के जाल के समाप्त होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और बिजली संबंधी हादसों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत बिना सड़कों को खोदे बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इससे फसलों में आग लगने की घटनाओं और करंट से होने वाले जानलेवा हादसों पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही गांवों और शहरों की सुंदरता में भी वृद्धि होगी तथा बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनेगी।
अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर नागरिक सुविधाओं की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में पूरे राज्य ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी एक मॉडल साबित होगा तथा लोगों को सुरक्षित और बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
