
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब में जालंधर के पंजाबी बाग इलाके से सुबह- सुबह इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के पंजाबी बाग इलाके में एक खाली पड़े प्लाट में उगी ऊंची- ऊंची झाड़ियों में एक नवजन्मे बच्चे का शव बरामद हुआ है। इलाके में शव मिलने की बात से सनसनी फ़ैल गई। बच्चे के शव को प्लाट में एक कूड़ा बीनने वाली महिला ने पहले देखा और फिर इसकी सूचना इलाकवासियों को दी।
इलाकवासियों के अनुसार बच्चे का शव बेहद दयनीय स्थिति में था और उसमें कीड़े तक पड़ चुके थे। वहीं तेज धूप और गर्मी के कारण शव काफी हद तक गल चुका था। जिसके बाद इलाकवासियों ने शव मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

वहीं घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी महिला ने बताया कि कूड़ा बीनने वाली महिला ने दो-तीन दिन पहले ही इसे देखा था, लेकिन डर के मारे कुछ नहीं बताया। लेकिन आज उसने जब शव को बुरी हालत में देखा तो इसकी जानकारी उसने पास में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को दी। जिसके बाद उक्त महिला ने पास में एक सुरक्षा गार्ड मनप्रीत सिंह को बच्चे का शव मिलने की बात बताई और उसने तुरंत पुलिस को फोन किया।
वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर मौजूद पुलिस और फॉरेंसिक टीम (FSL) पहुंची। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने पुष्टि की कि प्लाट में एक नवजात का शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि शव काफी पुराना लग रहा है। सुरक्षा गार्ड मनप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर FIR दर्ज की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम के आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का पता चल पाएगा। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मासूम को यहां कौन फेंक कर गया है।
