
दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर: पुलिस लाइन जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस के 18 पुलिस अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। ये अधिकारी पुलिस विभाग में सराहनीय सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त अधिकारियों को विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनकी ईमानदार, निष्ठापूर्ण और समर्पित सेवाओं की सराहना की गई। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि इन कर्मठ पुलिस कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनता की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विभाग उनके अनुभव और सेवाओं को सदैव याद रखेगा।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग के सहयोग और साथियों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा उनके जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रही है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिवारजन भी उपस्थित रहे। अंत में सभी को उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

