Home जालंधर “युद्ध नशियां विरुद्ध” के तहत 8 मार्च को होगा ‘दौड़ जालंधर’ हाफ Marathon

“युद्ध नशियां विरुद्ध” के तहत 8 मार्च को होगा ‘दौड़ जालंधर’ हाफ Marathon

by Doaba News Line

जालंधर: पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, CT Group of Institutions के सहयोग से 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘दौड़ जालंधर’ हाफ मैराथन का आयोजन करेगा।

इस संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि हाफ मैराथन तीन श्रेणियों—21 किलोमीटर (ओपन), 5 किलोमीटर (ओपन) और 5 किलोमीटर (वेटरन)—में आयोजित की जाएगी। मैराथन के सुचारू संचालन के लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने बताया कि विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है। अधिकारियों को रिफ्रेशमेंट, पेयजल, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. अग्रवाल ने आम जनता से भी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि नशा विरोधी संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत यह मैराथन जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 10 लड़कियों/महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।


 

जानकारी के अनुसार, 21 किमी (ओपन) श्रेणी में 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं, 5 किमी (ओपन) में 16 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं, जबकि 5 किमी (वेटरन) श्रेणी में 50 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष एवं महिलाएं भाग ले सकते हैं। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

5 किमी दौड़ CT Group of Institutions, शाहपुर से शुरू होकर सीटी वर्ल्ड स्कूल और रॉयल रेजीडेंसी से गुजरते हुए वापस वहीं समाप्त होगी। 21 किमी हाफ मैराथन भी शाहपुर से शुरू होकर सीटी वर्ल्ड स्कूल, रॉयल रेजीडेंसी, जालंधर हाइट्स-2, जालंधर हाइट्स-1, क्यूरो मॉल, किडनी हॉस्पिटल, आइकॉनिक मॉल और चुनमुन मॉल से होकर पुनः उसी मार्ग से लौटते हुए समाप्त होगी।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि यह सीटी ग्रुप की 17वीं सीटी हाफ मैराथन है और जिला वासियों से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। इच्छुक प्रतिभागी https://cthalfmarathon.in/register पर पंजीकरण कर सकते हैं।

सीटी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर मनबीर सिंह ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्टाफ सदस्य भाग लेंगे तथा स्वयंसेवी टीमें प्रतिभागियों की सुविधा के लिए तैनात की जाएंगी।

बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दिव्या पी., सहायक आयुक्त (यूटी) मुकिलन आर., जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सीटी ग्रुप के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

You may also like

Leave a Comment