Home क्राईम बशीरपुरा लापता युवक मामला: गुस्साए परिजनों ने फाटक पर शमशेर का शव रखकर पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन

बशीरपुरा लापता युवक मामला: गुस्साए परिजनों ने फाटक पर शमशेर का शव रखकर पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

7 दिन बाद सुभानपुर में मिला युवक का शव

जालंधर: जालंधर के बशीरपुरा इलाके के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने के बाद पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। मृतक की पहचान शमशेर सिंह के रूप में हुई है।

वहीं घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि 6 जनवरी को शमशेर सिंह निजी स्कूल की बस, जिसका वह ड्राइवर था, को सर्विस करवाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर लेकर गया था। इस दौरान वहां कुछ रिकवरी एजेंट उसके पास आए और उसे गाड़ी चलाने के बहाने अपने साथ ले गए। उस दिन से शमशेर घर वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने बताया कि शमशेर के घर न लौटने पर उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 8 में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर अलग-अलग जगहों पर उसकी तलाश शुरू की।


 

परिजनों के अनुसार दो दिन पहले उन्हें सुभानपुर के पास एक प्लाट में शमशेर के होने की जानकारी मिली थी, लेकिन वहां कुछ भी पता नहीं चला। बाद में उन्हें सूचना मिली कि उसी इलाके में एक शव पड़ा हुआ है। जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव की पहचान शमशेर के रूप में की।

परिवार का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और ढीली कार्यप्रणाली के कारण उनके बेटे की जान गई। उनका कहना है कि बीते सात दिनों में पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे यह हादसा हुआ।

गुस्साए परिजनों ने बुधवार को बशीरपुरा फाटक पर शमशेर का शव रखकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसीपी नॉर्थ ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी आरोपी पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए सहमत हो गए।

 

 

You may also like

Leave a Comment