

दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर चौगिट्टी फ्लाइओवर के पास पीआरटीसी बस पहिए निकलने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह पीआरटीसी की बस की धुरी टूटने से पहिए निकल गए।

घटना के बाद तुरंत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। गनीमत यह भी रही कि घटना के वक्त कोई वाहन भी बस की चपेट में नहीं आया। लेकिन हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से बस को हटवाकर ट्रैफिक को सुचारु रूप से चालू करवाया। पुलिस ने पहले ट्रैफिक को डायवर्ट किया और खराब बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर जाम में फंसी गाड़ियों को वहां निकाला।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस गुरदासपुर से लुधियाना जा रही थी। तभी चौगिट्टी के पास धुरी टूटने से पीछे के दोनों टायर अलग हो गए। लेकिन बस चालक ने बड़ी समझदारी दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे नियंत्रित किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि हाईवे के बीचोबीच ट्रैफिक रुक गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

