
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: कनाडा में बीते मंगलवार यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की ह+त्या के बाद अब उनकी माँ छिंदरपाल कौर मीडिया के सामने आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार नैंसी की माँ ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि उनकी बेटी हमेशा सच बोलती थी और इसी बात का बदला उसकी हत्या कर लिया गया है। उनकी माँ का कहना है कि पहले भी उसके घर पर आग लगा दी गई थी लेकिन तब वह घर पर होने के बावजूद बाल- बाल बच गई थी। उनके अनुसार आग लगने की घटना की कंप्लेंट नैंसी ने पुलिस को लिखवाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुए।
वहीं नैंसी की माँ छिंदरपाल कौर और बहन का यह कहना है कि नैंसी की हत्या उसके घर में नहीं हुई बल्कि उसके घर से 45 मिनट की दूरी पर लसाले के सेंट-लूस क्रिसेंट में एक पेशेंट के घर के बाहर हुई है। जहां पुलिस को सुबह-सुबह इमरजेंसी कॉल मिली। बताया जा रहा है कि नैंसी का परिवार पहले हरियाणा में रहता था फिर वह लुधियाना शिफ्ट हो गए। लेकिन अब उसकी माँ जालंधर में रहती है। माँ का कहना है कि नैंसी को पहले भी कई बार थ्रेट कॉल आ चुकी थी, जिसमें आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते थे। इसको लेकर नैंसी ने कनाडा पुलिस को शिकायत दी थी।

वहीं नैंसी की माँ ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने 3 लोगों के नाम पुलिस को दिए हैं जिनपर उन्हें शक है कि उन्होंने ही नैंसी की हत्या करवाई है। मां ने रोते हुए कहा कि मेरी बेटी को हत्यारों ने इतनी बेरहमी से चाकुओं से गोदा है कि मैं आपको बता नहीं सकती। उन्होंने यह भी कहा कि उसके दुश्मन कनाडा में ही बैठे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी मुसीबत में फंसे बेसहारा लोगों की मददगार और सच्चाई के रास्ते पर चलने वाली लड़की थी। उनके अनुसार कई धमकियों के बावजूद वह सच बोलने से नहीं डरती थी। उनका कहना है कि उनकी बेटी एक ऐसी लड़की थी जिसने दूसरों की मदद करने के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी।
मां ने रोते हुए बताया कि नैंसी 2018 में कनाडा गई थी और नर्सिंग का कोर्स करने के बाद अब 2 कंपनियों में काम कर रही थी। उनके अनुसार उनकी नैंसी से आखरी बार 2 मार्च को फ़ोन पर बात हुई थी। उनका कहना है कि नैंसी उन्हें सब बताती थी। माँ का कहना है कि उन्होंने कई बार उसे कहा कि बेटा इतना सच्चा बोलना सही नहीं होता लोग दुश्मनी रख लेते है और तुझे जो जान से मारने कि धमकियाँ देते हैं। वह मार भी सकते हैं। माँ ने बताया कि नैंसी इस बारे में उनकी नहीं सुनती थी और कहती थी कि उन्हें मौत से डर नहीं लगता जब दुनिया में आये है तो जाना तो है ही।

वहीं अंत में रोते हुए नैंसी की माँ ने कहा कि हम कनाडा सरकार और भारत सरकार से बस एक ही मांग करते हैं कि उनकी बेटी के साथ इंसाफ हो और उसके कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
भारतीय मूल की इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा में हत्या, अपने बेबाक अंदाज से रहती थी चर्चा में
कनाडा से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा के विंडसर शहर में स्थित उनके घर में अज्ञात हत्यारों द्वारा बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल अक्सर अपने बेबाक अंदाज से कई राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर सोशल मीडिया पर वीडियो बना कर अपनी राय रखती थीं। नैन्सी ग्रेवाल जालंधर की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से कनाडा में रह रही थीं।
कनाडाई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर में चाकू से अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन पैरामेडिक्स रात करीब साढ़े 9 बजे टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में पहुंचे। जहां उन्होंने तुरंत घर में गंभीर घायल पड़ी महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं घटना के बाद पुलिस ने घर के आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी है और हत्या का मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक घटना के सम्बन्ध में कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर पहलू से इस केस की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान के लिए लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि नैन्सी ग्रेवाल कनाडा में रहकर सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय थीं। वह एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में जानी जाती थीं।
