दोआबा न्यूज़लाइन
मोगा: पंजाब के मोगा से एक बड़ी लूट की खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार मोगा जिले के अजीतवाल कस्बे में दिनदहाड़े 4 हथियारबंद लुटेरे कोकरी ज्वेलर्स की दुकान में घुसे और दुकान के मालिक को बंदूक की नोक पर रख कर वहां से लाखों रुपये के गहने लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि 4 लुटेरे कार में सवार होकर दुकान के बाहर आये उनमें से 3 लूटेरे के अंदर आये और उनका एक साथी बाहर निगरानी के लिए खड़ा रहा।
वहीं घटना की जानकारी देते हुए दुकान मालिक हरजिंदर सिंह ने बताया कि घटना के वक़्त दुकान में ग्राहक नहीं थे। इसका फायदा उठाकर 3 बदमाश दुकान में घुसे और उन्होंने पिस्टल दिखाकर हरजिंदर सिंह को जान से मारने की धमकी दी। हरजिंदर का कहना है कि उन्होंने दुकान में लूट का विरोध किया तो तीनों बदमाशों में से एक ने उनके चाकू मार दिया। चाकू उनके हाथ पर लगा, जिससे वह जख्मी हो गए। इसके बाद लुटेरों ने उन्हें बंधक बनाने का भी प्रयास किया। हालांकि इसी दौरान हरजिंदर ने तेजी से शोर मचा दिया, जिससे बदमाश डर कर करीब 6 लाख रुपए के आभूषण लेकरज्वेलर को वहीं छोड़कर दुकान से भाग निकले। इस दौरान उनका चौथा साथी दुकान के बाहर गाड़ी स्टार्ट कर तैयार बैठा था, जिसमें बैठकर सभी लूटेरे फरार हो गए। घटना के बाद शॉप के मालिक ने तुरंत लूट की सूचना पुलिस को दी।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही DSP अनवर अली पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस दुकान और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। वहीं घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।