दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के फोल्डीवाल से एक चलती गाड़ी में आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा हैं कि फोल्डीवाल के पास गंदे नाले के नजदीक एक स्कॉर्पियो गाड़ी में देखते ही देखते भयानक आग लग गई। हादसे में चालक की गाड़ी के अंदर ही जलकर मौत हो गई है। गाड़ी में आग लगी देख आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई और लोग कार चालक को बचाने के लिए गाड़ी की तरफ भागे। लेकिन असफल रहे, जिसके बाद उन्होंने आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी।
प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि गाड़ी के अंदर डियोड्रेंट या स्प्रे फट गया, जिससे हड़बड़ाहट में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गई और पानी से भरे धान के खेतों में जा गिरी, जहां गाड़ी में भीषण आग लग गई और ड्राइवर बाहर नहीं आ सका।
वहीं आग की सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने तुरंत पानी की बौछारें मार कर
आग पर काबू पाया। जिसके बाद फायर कर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर कार चालक के जल चुके शव को गाड़ी से बाहर निकाला। पलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी का नंबर PB 09 R 3688 है और यह कपूरथला का रजिस्टर्ड बताया जा रहा है। इस नंबर के आधार पर गाड़ी गुरप्रीत सिंह के नाम पर दर्ज मिली है। फिलहाल पुलिस ने जले हुए शव और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।