दोआबा न्यूजलाइन


जालंधर: जालंधर देहात के शाहकोट में बीती देर रात एनकाउंटर हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार शाहकोट पुलिस ने बीती देर रात एक बदमाश का एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर के दौरान आरोपी की टांग में गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जोरा सिंह निवासी पिपली, थाना लोहियां, जिला जालंधर के रूप में हुई है।

दरअसल बीते शुक्रवार को पुलिस को इस गिरोह के बारे में पता चला तो पुलिस ने इनकी घेराबंदी की योजना बनाई। गुप्त सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपी जोरा सिंह स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर कोहाड़ कलां-जफरवाल इलाके में घूम रहा है। जिसके आधार पर पुलिस ने एरिया में नाकाबंदी की, जब आरोपी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह फरार होने लगा। दाना मंडी कोहाड़ कलां के पास आरोपी ने पुलिस पार्टी पर पिस्टल से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसकी टांग में लगी। आरोपी बाइक समेत गिर पड़ा और काबू आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पिस्टल पाइंट 32 बोर, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार ये बदमाश लूट नकली करेंसी चलाने और छीनाझपटी की वारदातों में शामिल रहा है। वहीं घटना के बाद पुलिस की गोली से घायल आरोपी को तुरंत शाहकोट के सिविल अस्पताल में ले जाया गया।
वहीं पुलिस जाँच में सामने आया है कि 23 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे जाम नगर-अमृतसर मरीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर निर्माणाधीन साइट पर सो रहे मजदूरों को एक मोटरसाइकिल और कैंपर गाड़ी में आए 5 युवकों ने हथियारों की नोक पर लूट लिया था। उस समय आरोपी मजदूरों से मोबाइल फोन और 12 हजार रुपए छीन ले गए थे। विरोध करने पर आरोपी जोरा सिंह ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर ओम सिंह पर फायरिंग की और पीटकर घायल कर दिया था। पुलिस जांच के अनुसार इस गिरोह में संदीप सिंह उर्फ सिप्पी (लुधियाना), लवप्रीत सिंह उर्फ लाडी (मियानी), लखविंदर सिंह उर्फ लखी (चक पिपली) और एक युवक मोता (दातरधारी) शामिल हैं। पुलिस ने सभी पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।