दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर: (पूजा मेहरा) थाना लांबड़ा के अधीन आते ताजपुर के पास होली के दिन तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार संदीप की 6 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप उर्फ सौरव खाबड़ा के रूप में हुई है। वहीं इस घटना को लेकर गुस्साए परिजनों ने लोगों के साथ मिलकर एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना लगा दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन करते हुए इंसाफ की मांग की है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि मेरे बेटे का कत्ल किया गया हैं, पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस एक्सीडेंट केस बना रही है। पुलिस हमें इंसाफ नहीं दिला रही है।
मामले की जानकारी देते हुए मृतक सौरव की माता ने कहा कि 8 फरवरी को बेटे को हनी सहित कुछ अन्य दोस्त घर से बाहर ले गए। जिसके बाद वह उसे सिंघा ढाबे में ले गया और वहां पर उसे शराब पिलाई। मृतक की माता ने यह भी आरोप लगाए हैं कि ढाबे की वीडियो निकाली तो देखा कि बेटे को शराब में कुछ मिलाकर उसका कत्ल कर दिया। घटना के दिन देर रात हनी को फोन किया, लेकिन हनी ने उनकी बात नहीं करवाई। जिसके बाद दोबारा फोन किया तो किसी अन्य युवक ने फोन उठाया और बताया कि लड़का सड़क किनारे गिरा पड़ा है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा उसकी सांसे चल रही थीं। इस दौरान कुछ देर बाद बेटे ने दम तोड़ दिया है। इस मामले में परिवार ने हनी और उसके साथियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसके बेटे का कत्ल करवा दिया, जिसे सड़क हादसे का नाम दिया गया। इस मामले को लेकर आज परिजनों ने एसएसपी दफ्तर में धरना लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार करके इंसाफ की गुहार लगाई है।
वहीं एक व्यक्ति ने बताया कि उनका 302 का केस चल रहा है। इस मामले में परिवार ने गवाही दी थी। जिसकी रंजिश के चलते बेटे को शराब पिलाकर उसका कत्ल कर दिया गया। पिता ने कहा कि रंजिश के तहत हनी ने साथियों के साथ मिलकर बेटे का कत्ल करके उसे सड़क हादसे का नाम देकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना को लेकर एक माह से इंसाफ की गुहार लगाई जा रही है। परिजनों ने थाना प्रभारी के साथ मिलीभुगत के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने कहा कि सड़क हादसे में बेटे के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे और ना ही बाइक टूटी थी।