Monday, October 6, 2025
Home जालंधर भगवान वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आज जालंधर में निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा, रूट डायवर्ट

भगवान वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आज जालंधर में निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा, रूट डायवर्ट

by Doaba News Line

दोआबा न्यूजलाइन

जालंधर: महानगर में आज भगवान वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा की तैयारियां सुबह से हो रही बारिश के बावजूद भी शहर में जोरों शोरों से चल रही हैं। शोभायात्रा को लेकर भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), श्री राम चौक (कंपनी बाग) में स्टेज लग चुके हैं।

वहीं शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किये हैं ताकि शोभायात्रा के दौरान लोग जाम में न फंसे। पुलिस ने लोगों को जाम से बचाने के लिए 12 रूट को डायवर्ट किया है। इसका बाकायदा प्लान भी जारी किया गया है। पुलिस ने शोभायात्रा में ट्रैफिक को सुचारु चलाने के लिए नाके भी लगाए हैं। सुबह से ही ट्रैफिक पुलिस ने पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। बेरिकेडिंग के बीच से निकलने की कोशिश करने वाले लोगों को वापस मोड़ा जा रहा है। भगवान वाल्मीकि चौक से पुरानी जेल रोड को जाने वाले रास्ते पर बेरिकेडिंग कर दी गई है। वाहनों के लिए सिंगल लेन को चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार इस बार सिटी में दो शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। एक शोभायात्रा भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर के चेयरमैन व भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी पंजाब के प्रधान विपन सभ्रवाल की अगुआई में तो दूसरी सिटी वाल्मीकि सभा द्वारा निकाली जा रही है। विपन सभ्रवाल ने कहा कि 6 अक्टूबर को महानगर से भव्य शोभायात्रा दोपहर 2 बजे प्राचीन मन्दिर अली मोहल्ला से संत समाज की अगुआई में निकाली जाएगी। 7 अक्टूबर की रात 8 बजे पवन वाल्मीकि प्रगट दिवस एवं दीपमाला भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर में की जाएगी।

वहीं दूसरी विशाल शोभायात्रा सिटी वाल्मीकि सभा द्वारा श्री राम चौक कंपनी बाग से निकाली जा रही है। सिटी वाल्मीकि सभा के प्रधान राजेश भट्टी, चेयरमैन राज कुमार राजू ने बताया कि शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र बनेगी। शोभायात्रा में भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं का प्रचार किया जाएगा।

शोभायात्रा रुट

यह विशाल शोभायात्रा दोपहर करीब 2 बजे अली मोहल्ले के प्राचीन मंदिर से शुरू होगी। यहां से भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), लवकुश चौक, भगत सिंह चौक, पंजपीर चौक, खिंगरा गेट, अड्डा होशियारपुर चौक, माईं हीरां गेट, शीतला मंदिर मोहल्ला, वाल्मीकि गेट, पटेल चौक, सब्जी मंडी चौक, बस्ती अड्डा चौक होते अली मोहल्ला पहुंचेगी।

वहीं डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने लोगों से शोभायात्रा में पूर्ण श्रद्धा और धार्मिक भावना के साथ भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक के ऑप्शनल रूट, वाहनों की उचित पार्किंग, सुरक्षा, चौराहों की सजावट और अन्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। अनुमान है कि शोभायात्रा में 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे।

You may also like

Leave a Comment