Home एजुकेशन मानव सहयोग स्कूल ने ‘मिशन हरियाली’ के तहत निकाली जागरूकता रैली

मानव सहयोग स्कूल ने ‘मिशन हरियाली’ के तहत निकाली जागरूकता रैली

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

अभियान के दौरान लगाए 200 पौधे

जालंधर:शहर के मानव सहयोग स्कूल के ईको क्लब द्वारा ‘मिशन हरियाली’ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव खुण-खुण और फतेहपुर में जागरूकता रैली एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs), विशेष रूप से लक्ष्य–13 (जलवायु कार्रवाई), लक्ष्य–15 (स्थलीय जीवन का संरक्षण) तथा लक्ष्य–17 (साझेदारी के माध्यम से सतत विकास) के अनुरूप आयोजित किया गया।

विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पोस्टर एवं बैनर लेकर रैली निकाली तथा “वृक्ष लगाओ–धरती बचाओ”, “हर घर एक वृक्ष” और “हरा-भरा पर्यावरण, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने का संदेश दिया। अभियान के दौरान मिशन हरियाली के अंतर्गत दोनों गांवों में कुल 200 पौधों का रोपण किया गया।

गांव खुण-खुण की सरपंच श्रीमती गुरजीत कौर गोल्डी एवं गांव फतेहपुर की सरपंच श्रीमती राजविंदर कौर ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की प्राचार्या सपना कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सहयोग स्कूल, जालंधर ‘मिशन हरियाली’ के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास की भावना विकसित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर आयोजित करता रहेगा।

 

 

You may also like

Leave a Comment