Home क्राईम पंजाबी सिंगर यशइंदर कौर की लुधियाना में नहर में मिली लाश, 6 दिनों से थी लापता

पंजाबी सिंगर यशइंदर कौर की लुधियाना में नहर में मिली लाश, 6 दिनों से थी लापता

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

परिवार का आरोप- दोस्त ने ही शादी से इंकार करने पर की हत्या

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की किडनैपिंग के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे 29 वर्षीय गायक इंदर कौर का शव लुधियाना में नीलो नहर से बरामद हुआ। वहीं परिवार का कहना है कि करीब 6 दिन पहले गन प्वाइंट पर इंदर को किडनैप कर लिया गया था, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को भी दी है।

बताया जा रहा है कि इंदर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि उसका एक भाई लुधियाना के जमालपुर में रह रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

वहीं मृतका के परिवार के मुताबिक मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ़ सुक्खा के साथ इंदर की दोस्ती थी, लेकिन जब इंदर को पता चला कि सुखविंदर सिंह शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे भी हैं तो उसने उक्त व्यक्ति को शादी के लिए मना कर दिया था। परिवार के मुताबिक सुखविंदर सिंह फिर भी इंदर पर शादी का दवाब बना रहा था, लेकिन इंदर उसे मना कर रही थी। परिवार का आरोप है कि शादी से इंकार करने की बात से गुस्साए सुखविंदर सिंह ने इंदर का पहले अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी।

परिवार का कहना है कि आरोपी व्यक्ति ने पहले से हत्या की साजिश रची हुई थी इसीलिए वह इरादे से कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था। और वारदात को अंजाम देने के बाद वह दोबारा नेपाल के रास्ते कनाडा भाग गया। इंदर और आरोपी की तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बाद में इंदर को पता चला कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात की वह उससे रंजिश रखने लगा था और उसकी हत्या कर दी।

वहीं नहर में लाश की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपित् की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए एसीपी इंद्रजीत बोपाराय ने कहा कि जमालपुर थाने में सिंगर इंदर के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था कि उसकी बहन को सुखविंदर सिंह ने गनपॉइंट पर अपने साथियों के साथ किडनैप कर लिया। जब इस मामले की जांच की तो नीलो नहर में कल लड़की की कार मिली, इसके बाद आज यानि 19 मई को उसकी लाश बरामद हुई। जिसके बाद इस मामले में धाराओं को बढ़ाया जाएगा। गनपॉइंट पर किडनैप किया या नहीं इसकी जांच की जा रही है। सुखविंदर सिंह अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है। पुलिस के मुताबिक सुखविंदर सिंह एनआरआई है।

 

 

You may also like

Leave a Comment