दोआबा न्यूज़लाइन
मोहाली: पंजाब के मोहाली जिले के गांव हमायूंपुर में रहने वाले एक ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की किस्मत तब अचानक बदल गई जब सोमवार रात उसे पता चला कि दिवाली बंपर में उसका पहला 12 करोड़ का इनाम निकला है। इस खबर के बाद से बलजिंदर और उसके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। इसके साथ ही लॉटरी निकलने के बाद से बलजिंदर के घर पर रिश्तेदारों और गांव वालों का बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।
बलजिंदर सिंह ने बताया कि उसने 500 रुपये का दिवाली बंपर लॉटरी टिकट खरीदा था, जिस पर उन्हें 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम मिला है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 साल से लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे। लेकिन इस बार जब उनकी 12 करोड़ रुपये की लॉटरी लगी तो पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि इस बार मेरा नंबर निकला है। उन्होंने कहा कि वह यह पैसे कहां खर्च करेंगे इस बारे में उन्होंने अभी तक कुछ सोचा नहीं है।
जानकारी के अनुसार बलजिंदर सिंह गांव हमायूंपुर के एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं और टिप्पर चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं। वह पिछले करीब 15 साल से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे। इस बार भी उन्होंने दिवाली से पहले हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशू गर्ग से दिवाली बंपर का टिकट खरीदा था। बलजिंदर सिंह ने यह भी कहा कि मेरा इतना बड़ा इनाम निकलेगा मैंने कभी सोचा भी नहीं था, यह किसी सपने के सच होने से कम नहीं है।