दोआबा न्यूज़लाइन
नई दिल्ली: भारतीय मोबाइल बाजार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लेकिन यह खबर उन लोगों के लिए अच्छी नहीं है जो नया एंड्राइड फोन खरीदने की सोच रहे हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार सैमसंग, वीवो और ओप्पो जैसी कपंनियों ने अपने स्मार्टफोन की कीमतें 40% तक बढ़ा दी हैं, जिससे अब ग्राहकों के लिए नया फोन खरीदना पहले से और महंगा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 2025 के अंत से अब तक लगभग आठ बड़े ब्रांड्स ने अपने लोकप्रिय मॉडल्स के दामों में औसतन 1,500 रुपये तक बढ़ा दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कंपनियों ने स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने की वजह दुनियाभर में चल रही ‘मेमोरी चिप’ (DRAM और NAND) की शॉर्टेज को बताया है। सिर्फ तकनीक ही नहीं, बल्कि दुनिया के मौजूदा हालात भी आपके फोन को महंगा बना रहे हैं। अमेरिका-ईरान जंग की वजह से सप्लाई प्रभावित होने के कारण प्लास्टिक पैकेजिंग भी महंगी हो गई है। इससे कंपनियां अब बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं।
मार्केट रिसर्चर IDC इंडिया के मुताबिक पिछले साल देश में बिके कुल 15.2 करोड़ स्मार्टफोन में से 47% हिस्सेदारी वीवो, सैमसंग और ओप्पो की थी। इन कंपनियों ने अपने पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव किए हैं।
सैमसंग: कंपनी ने अपने मिड-रेंज फोन गैलेक्सी A56 (₹47,999) को अब A57 के नाम से उतारा है, जिसकी कीमत ₹62,499 रखी गई है। यह करीब 30% महंगा हुआ है। इसी तरह A37 की कीमत भी 36% बढ़ी है।
वीवो: कंपनी ने अपने बजट स्मार्टफोन वीवो T4 लाइट की कीमत ₹9,999 से बढ़ाकर सीधे ₹13,999 कर दी है। यह लगभग 40% की बढ़ोतरी है।
ओप्पो: ओप्पो ने अपने 5 मॉडल्स की कीमतों में ₹2,000 की फ्लैट बढ़ोतरी की है। इसमें बजट फोन A6x से लेकर प्रीमियम A6 प्रो तक शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इस महंगाई के बीच एपल (Apple) और सैमसंग के प्रीमियम मॉडल्स खुद को बेहतर स्थिति में रख रहे हैं। एपल का लेटेस्ट आईफोन 17 अपनी मजबूत सप्लाई चेन की वजह से इस बढ़ोतरी से कम प्रभावित हुआ है, जिससे अमीर ग्राहकों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प बना हुआ है।
ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक मोबाइल कंपनियों ने दुकानदारों को ईमेल भेजकर साफ कर दिया है कि ये बढ़ी हुई कीमतें अब स्थायी हैं। रिटेलर्स का कहना है कि उन्हें अगले कुछ महीनों में और भी दाम बढ़ने के संकेत मिले हैं। शाओमी ने भी अपने रेडमी पैड और 6 अन्य स्मार्टफोन्स की कीमतों में 32% तक की बढ़ोतरी की है, जबकि रियलमी ने अपने कुछ मॉडल्स के दाम बढ़ाए हैं।