दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के शाहपुर में स्थित मानव सहयोग स्कूल में दिनांक 6 फरवरी 2026 को विद्यार्थियों के मानसिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के उद्देश्य से प्री-नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों हेतु “वार्षिक खेल महोत्सव” का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता मिस राजवीर कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
उनके साथ मानव सहयोग स्कूल के चेयरमैन डॉ. एस. के. शर्मा, डॉ. सुषमा चोपड़ा, विनेश जैन, संदीप जैन तथा मानव सहयोग समिति के अन्य गणमान्य सदस्य भी मौजूद थे। इस दौरान विद्यालय की प्रिंसिपल सपना कुमार ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित खिलाड़ियों के अभिभावकों का हृदय से स्वागत किया।
खेल महोत्सव की शुरुआत ध्वजारोहण की रस्म के साथ हुई, जिसके उपरांत पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न टुकड़ियों में अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। खेल भावना को और प्रबल करते हुए विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों द्वारा मशाल प्रज्वलन की रस्म भी संपन्न की गई।
वहीं विद्यार्थियों की विभिन्न रुचियों को ध्यान में रखते हुए अनेक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, कैटरपिलर रेस, बियर क्रॉल, पेंग्विन रेस, बनाना रेस, रिले रेस, बैलेंसिंग गेम तथा क्लैप एंड रन प्रमुख रहीं। खेल गतिविधियों के साथ-साथ विद्यालय के विद्यार्थियों के एक समूह द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें गिद्धा नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर मनोरंजन के साथ जीत हासिल की।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा विजेता विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में खेलों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है तथा बच्चों को प्रत्येक क्षेत्र में अपने कौशल को आगे बढ़ाना चाहिए और समाज की बुरी लत नशे से दूर रहना चाहिए।
अंत में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस. के. शर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मान चिन्ह भेंट कर अपना बहुमूल्य समय देने के लिए उनका हार्दिक धन्यवाद किया।