दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी ने आज यानि मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल का दौरा किया और पाया कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट के ऑफिस और इमरजेंसी डिपार्टमेंट में पिछले कई घंटों से लाइट बंद है और पीने के पानी का भी कोई इंतज़ाम नहीं है। जिसके चलते सिविल अस्पताल में आये मरीज़ों का बुरा हाल है। विधायक ने कहा कि इमरजेंसी डिपार्टमेंट की बुरी हालत, आम आदमी पार्टी सरकार के राज में आम लोगों के साथ यही हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति के बड़े-बड़े दावे करते हैं। वे मंचों से बड़े-बड़े भाषण देते हैं, लेकिन सिविल अस्पताल के आज के हालात से लगता है कि यह सरकार सिर्फ़ मंचों पर भाषण देने और सिर्फ़ विज्ञापन तक ही सीमित है। यह आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही है।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री चैन की नींद सो रहे हैं, उन्हें लोगों की जान की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आती है, लेकिन आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां कोई इंतज़ाम नहीं है, जिसके चलते लोग परेशान हैं। यहां तक की इमरजेंसी के लिए भी अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था तक नहीं है।