दोआबा न्यूज़लाइन
लुधियाना: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और अन्य मांगों को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज किसानों ने पंजाब के 3 टोल प्लाजा को टैक्स फ्री कर दिया है। किसान आज किसान दोपहर 12 से 3 बजे तक टोल प्लाजा फ्री रखेंगे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। जिले के लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल फ्री रहेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कीर्ति किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सतबीर सिंह सुल्तानी ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पंजाब के विभिन्न जिलों में आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल प्लाजा को टोल-मुक्त रखा जाएगा। इस दौरान किसान आम जनता को केंद्र सरकार की नीतियों और प्रस्तावित व्यापार समझौते के संभावित प्रभावों के बारे में जागरूक भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का बुरा असर देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ सकता है। किसान संगठनों का आरोप है कि इस तरह के समझौते से बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को फायदा होगा, जबकि भारतीय कृषि क्षेत्र और किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसान नेताओं का कहना है कि वे किसानों के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेंगे और सरकार पर किसान हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का दबाव बनाएंगे। जानकारी के अनुसार किसानों ने आज 3 टोल प्लाजा को फ्री कर दिया है। जिले के लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल फ्री रहेंगे। इस दौरान इन टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना टोल शुल्क दिए आवागमन कर सकेंगे। इस दौरान टोल प्लाजा पर इंटरनेट सेवा बंद करवा दी गई है और वहां से गुजरने वाले लोगों के नंबर भी लिए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि किसी वाहन ड्राइवर के पास बाद में टोल टैक्स कटने का मैसेज आता है तो उसे बंद करवाने की कार्रवाई की जाएगी।
किसान नेताओं ने केंद्र सरकार को चेताते हुए कहा कि जब तक किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जायेगा और किसान विरोधी नीतियां वापस नहीं ली जातीं, तब तक उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।