दोआबा न्यूज़लाइन
नई दिल्ली: एयर इंडिया के एक और विमान में आज सुबह तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह
दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट बोइंग 777-300ER AI887 के एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 40 मिनट बाद ही इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। रिपोर्ट्स के अनुसार प्लेन का दाहिना इंजन टेक-ऑफ के बाद ऑइल प्रेशर जीरो होने के बाद बंद हो गया था। जिसके चलते उसकी दिल्ली एयरपोर्ट पर एमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया के बोइंग 777-300ER AI887 ने सुबह 6:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और 6.52 पर यह वापस आ गया। बताया जा रहा है कि 2 इंजन वाले प्लेन एक इंजन के जरिए भी सुरक्षित लैंड कर सकते हैं। इसलिए फ्लाइट कि तुरंत लैंडिंग करवाई गई। Flightradar24.com के अनुसार फ्लाइट टेक-ऑफ के बाद लगभग एक घंटे तक हवा में थी। जिसमें लगभग 335 यात्री सवार थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से मुंबई भेजा गया।
वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया की फ्लाइट AI-887 की घटना पर एक्शन लिया है, जिसमें टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आई थी। मंत्रालय ने एअर इंडिया से एक डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी है। साथ ही DGCA को विस्तारपूर्वक जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मंत्रालय ने एयर इंडिया को फ्लाइट के सभी यात्रियों को हर संभव मदद देने और उन्हें अगली फ्लाइट्स में एडजस्ट करने के निर्देश भी दिए हैं