दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर : डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन एक बार फिर से पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। कर्मचारी 7 दिसंबर से 9 दिसंबर तक 3 दिन की हड़ताल करेंगे। जानकारी देते हुए DC ऑफिस कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल और प्रदेश महासचिव नरिंदर सिंह चीमा ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 30-06-2026 और 27-07-2026 को पंजाब भवन, चंडीगढ़ में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में रेवेन्यू मंत्री, पंजाब के साथ मीटिंग हुई थी, लेकिन करीब 4 महीने बीत जाने के बाद भी मांगों का कोई समाधान नहीं निकला है और न ही संगठन के साथ दोबारा कोई बातचीत हुई है।
जिसके चलते राज्य के DC ऑफिस कर्मचारी यूनियन के सभी कर्मचारी 7 दिसंबर से 9 दिसंबर तक तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे, जिसमें वे कलम और कंप्यूटर बंद रखेंगे और हर दिन सुबह 11:00 बजे से 01:00 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 10 और 11 दिसंबर को राज्य के DC, SDM, तहसील और सब-तहसील ऑफिस के सभी कर्मचारी सामूहिक छुट्टी लेंगे और ऑफिस बंद रखेंगे। नेताओं ने कहा कि अगर तब भी मांगों का कोई हल नहीं निकला तो अगली हड़ताल का ऐलान किया जाएगा।