दोआबा न्यूज़लाइन
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने सोशल मीडिया पर मंगेतर संग सगाई की तस्वीर शेयर कर दी जानकारी
दिल्ली: कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की खबरों पर मुहर लग गई है। बताया जा रह है कि प्रियंका के बेटे रेहान ने सगाई के बाद अपनी मंगेतर अवीवा बेग के साथ पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने रेहान और अवीवा की तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके प्यार लुटाया और दोनों के रिश्ते को कंफर्म करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस पोस्ट के बाहर आते ही कपल को बधाई देने वाले फैंस और चाहने वालों का सोशल मीडिया पर तांता लग गया है।

सोशल मीडिया पर शेयर की गईं सगाई की तस्वीरों में रेहान और अवीवा बेहद खूबसूरत लग रहे हैं। अविका ने शानदार डीप पर्पल वेलवेट साड़ी पहनी है, जिसमें फूलों की कढ़ाई है, जबकि रेहान ने चारकोल ग्रे बंधगला सूट में अपनी मंगेतर को पूरा कम्प्लीमेंट किया है।
बताया जा रहा है कि रेहान और अवीवा की सगाई बीते 29 दिसंबर को हुई है। अवीवा और रेहान बचपन के दोस्त हैं और पिछले 7 साल से रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने एक होने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार अवीवा दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से सम्बन्ध रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग एक बिजनेसमैन हैं और उनकी मां नंदिता बेग एक जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका गांधी वाड्रा और नंदिता बेग पुरानी दोस्त हैं।
बता दें कि रेहान वाड्रा पेशे से एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं। उन्हें बचपन से ही फोटोग्राफी का शौक रहा है और वे वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी में काम कर चुके हैं। साल 2021 में उन्होंने दिल्ली के बीकानेर हाउस में “डार्क परसेप्शन” नाम से अपनी पहली सोलो एग्जीबिशन भी की थी। उनकी मंगेतर अवीवा वेग ने दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से पढ़ाई की और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मीडिया कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया। वह पेशे से एक इंटीरियर डिजाइनर हैं और फोटोग्राफी व प्रोडक्शन से भी जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा वह एक समय राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं।