दोआबा न्यूज़लाइन
चंडीगढ: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ गुरप्रीत कौर से जुड़े 5 करोड़ के कथित रिश्वत मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस मामले से संबंधित डॉ गुरप्रीत कौर ने कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को लीगल नोटिस भेजा है। भेजे गए नोटिस में सीएम मान की पत्नी ने दोनों से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा गया है और ऐसा न करने की स्थिति में दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि 23 अगस्त को डॉ. गुरप्रीत कौर ने रिटायर्ड जज रणजीत सिंह को नोटिस भेजते हुए 5 करोड़ रुपए के आरोपों को खारिज किया था। कानूनी नोटिस में रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह से अपने बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया था। इसके लिए 24 घंटे की समय-सीमा दी गई थी।
जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऑडियो-वीडियो पोस्ट कि थी। जिसको लेकर मजीठिया का दावा है कि ऑडियो-वीडियो में आरोपी से जुड़े कथित बिचौलियों और डॉ. गुरप्रीत कौर के रिश्तेदार के बीच पैसों के लेनदेन संबंधित बातचीत है।
दरअसल यह मामला तब शुरू हुआ था जब अगस्त 2026 में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह ने सीएम मान की पत्नी डॉ गुरप्रीत पर आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि डॉ. गुरप्रीत ने कथित तौर पर एक रेप के मामले में आरोपी से 5 करोड़ रुपए की मांग की थी, और एक व्यवसायी के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द करवाने में मदद करने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि डॉ गुरप्रीत का एक करीबी रिश्तेदार आरोपी के लगातार संपर्क में था और उसे पैसे देने और अपनी जान बचाने के लिए परेशान कर रहा था।
वहीं डॉ गुरप्रीत कौर द्वारा भेजे गए नोटिस के बारे में कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि आज मुझे सीएम भगवंत मान की पत्नी की ओर से एक कानूनी नोटिस मिला है। मैं इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दूंगा। इसके साथ ही खेहरा ने यह भी कहा कि मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि मेरे खिलाफ मानहानि का केस या उनकी ‘पुलिस स्टेट’ जो भी कार्रवाई कर सकती है, कर ले।