दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर रेंज की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर रेंज की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने फिरोजपुर जिले में छापेमारी कर 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करों के पास से 1 किलो 524 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए एएनटीएफ जालंधर रेंज के एआईजी जगजीत सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी एसआई आकाशवीर सिंह की टीम ने फ़िरोजपुर के अंतर्गत आते गांव अराईंवाला स्थित ‘द ग्रैंड मैरी विला’ के सामने नाकाबंदी के दौरान 17 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 1 किलो 18 ग्राम और अर्शदीप के पास से 506 ग्राम हेरोइन रिकवर की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी बस्ती करीम वाला (मखू) और अर्शदीप सिंह निवासी मखू गेट चौक (फिरोजपुर) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में बड़ा खुलासा यह हुआ है कि दोनों आरोपी 12वीं पास हैं और खेती-बाड़ी का काम करते हैं। पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत ने बताया कि उसने अपने महंगे शौक पूरे करने, जल्दी अमीर होने और इस धंधे में आसान कमाई देखकर हेरोइन बेचना शुरू किया था। वहीं दूसरे आरोपी अर्शदीप ने कबूला कि वह जल्दी अमीर बनने और ज्यादा पैसे कमाने के लालच में अपने दोस्त गुरप्रीत के साथ मिलकर नशा तस्करी के इस काले धंधे में शामिल हो गया। एएनटीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा सके।