दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: ग्रामीण पुलिस के एसएसपी हरविंदर सिंह के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस कप्तान (जांच) विनीत आहलावत,डीएसपी, सब-डिवीजन आदमपुर राजीव कुमार एवं इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सीआईए स्टाफ की निगरानी में पुलिस टीम ने आदमपुर हत्या मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि दिनांक 06 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 12:30 बजे गांव दरोली कलां, थाना आदमपुर निवासी 26 वर्षीय दविंदर सिंह उर्फ बाजा की मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू के घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान (जांच) विनीत आहलावत, डीएसपी, सब-डिवीजन आदमपुर राजीव कुमार, इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सीआईए स्टाफ, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, थाना प्रभारी आदमपुर तथा पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस द्वारा पूरे गांव की घेराबंदी कर सभी आने-जाने वाले रास्तों को तत्काल सील कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के समय मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू के घर के अंदर कुल पांच व्यक्ति मौजूद थे। अब तक एक आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू पुत्र प्यारा सिंह निवासी गांव दरोली कलां, थाना आदमपुर को काबू कर लिया गया है, जबकि हरमन, वरुण और आकाश की पहचान कर ली गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह घटना घर के एक कमरे के अंदर हुई, जहां कथित तौर पर ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल से लगभग 10 से 12 राउंड फायर किए गए। वारदात में इस्तेमाल किया गया ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल पुलिस ने बरामद कर लिया है। मौके की जांच के दौरान कमरे को फायरिंग के कारण काफी क्षतिग्रस्त पाया गया।
एसएसपी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि मृतक दविंदर सिंह उर्फ बाजा एक हार्डकोर अपराधी था, जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके विरुद्ध तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे तथा वह पहले एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान भी गिरफ्तार हो चुका था। प्रारंभिक जांच से यह भी सामने आया है कि यह हत्या पुरानी निजी रंजिश के चलते की गई प्रतीत होती है। इस संबंध में थाना आदमपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर मौजूद अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।