दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा अभावग्रस्त व वंचित बच्चों की निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समर्पित सामाजिक प्रकल्प ‘मंथन’ के सहयोगार्थ साईं दास स्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य ‘श्री राम कथामृत’ के छठे दिन भी आध्यात्मिक उत्साह, भक्ति और समाज-जागरण का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। पावन कथा के छठे दिन संस्थान के संस्थापक एवं संचालक श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या, सुप्रसिद्ध कथा व्यास साध्वी सुश्री श्रेया भारती जी ने ‘राम-सुग्रीव मित्रता एवं सुंदरकांड गाथा’, ‘आत्म उत्थान के बिना राष्ट्र उत्थान संभव नहीं’ तथा ‘अश्लील कंटेंट व विकृत मानसिकता में मूर्छित युवा को कैसे करें जागृत’ जैसे समसामयिक, संवेदनशील और निर्णायक विषयों पर अपने सारगर्भित विचार रखे।
छठे दिन जैसे ही प्रभु श्री राम और सुग्रीव की निस्वार्थ मित्रता, हनुमान जी की अद्भुत सेवा-भावना से ओतप्रोत सुंदरकांड गाथा तथा युवा पीढ़ी को संस्कारित करने के प्रसंग प्रारंभ हुए, पूरा पंडाल श्रद्धा, समर्पण और संकल्प की ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। साध्वी बहनों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण भजनों ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।
कथा के छठे दिन के मुख्य आध्यात्मिक एवं सामाजिक बिंदु
राम-सुग्रीव मित्रता एवं सुंदरकांड गाथा : साध्वी सुश्री श्रेया भारती जी ने बताया कि प्रभु श्री राम और सुग्रीव की मित्रता सच्चे मित्रधर्म और शरणागति का सर्वोच्च आदर्श है। संकट के समय सुग्रीव को संबल देकर प्रभु ने यह स्पष्ट किया कि सच्ची मित्रता स्वार्थ नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और धर्म के साथ खड़े होने का नाम है। वहीं, सुंदरकांड की गाथा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हनुमान जी की सफलता का रहस्य उनकी ‘मैं’ (अहंकार) से शून्य समर्पण भावना और प्रभु के प्रति अटूट विश्वास है। जब साधक अपने भीतर की शंकाओं और हीनभावना का त्याग कर सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलता है, तो असंभव कार्य भी सहज ही सिद्ध हो जाते हैं।
आत्म उत्थान के बिना राष्ट्र उत्थान संभव नहीं : राष्ट्र निर्माण के विषय पर विचार रखते हुए साध्वी जी ने कहा कि बाहरी भौतिक विकास या संसाधनों से किसी राष्ट्र का स्थायी उत्थान संभव नहीं है, जब तक कि नागरिकों का आत्म उत्थान न हो। जब व्यक्ति के भीतर नैतिकता, चरित्र, अनुशासन और संवेदनशीलता जागृत होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र वास्तविक अर्थों में सशक्त बनता है। आत्मिक जागरण के अभाव में समाज में स्वार्थ, विभाजन और भ्रम की स्थितियाँ जन्म लेती हैं।

ब्रह्मज्ञान द्वारा भीतर की जागृति : साध्वी जी ने स्पष्ट किया कि सच्चा आत्म उत्थान केवल बाहरी उपदेशों या औपचारिकताओं से नहीं होता, बल्कि इसके लिए पूर्ण गुरु के सान्निध्य में ‘ब्रह्मज्ञान’ की दीक्षा अनिवार्य है। ब्रह्मज्ञान साधक के भीतर की दिव्य दृष्टि को खोलता है, जिससे मन की चंचलता शांत होती है, विवेक जागृत होता है और व्यक्ति को अपने वास्तविक स्वरूप व जीवन के परम उद्देश्य का बोध होता है। ब्रह्मज्ञान से प्राप्त आंतरिक प्रकाश ही मनुष्य को विकारों से ऊपर उठाकर ऊर्ध्वगामी जीवन की ओर ले जाता है।
अश्लील कंटेंट व विकृत मानसिकता में मूर्छित युवा को कैसे करें जागृत : वर्तमान समय की एक अत्यंत गंभीर चुनौती—अश्लील कंटेंट और विकृत मानसिकता के प्रभाव—पर चिंता व्यक्त करते हुए साध्वी जी ने कहा कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध अश्लीलता, हिंसक व भ्रामक सामग्री के जाल में फँसकर मानसिक रूप से कुंठित और दिशाहीन होता जा रहा है। इस विकृत मानसिकता के कारण युवाओं में धैर्य की कमी, संवेदनहीनता, अवसाद और गलत आदतों की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल निषेध या दबाव से नहीं, बल्कि सकारात्मक दिशा, स्वस्थ संवाद, आध्यात्मिक मूल्यों और ‘ब्रह्मज्ञान’ से प्राप्त आंतरिक शक्ति के माध्यम से जागृत किया जा सकता है। जब युवा को भीतर से आनंद, उद्देश्य और आत्मसम्मान का अनुभव होता है, तो वह स्वतः ही क्षणिक और विकृत आकर्षणों से मुक्त होकर समाज व राष्ट्र की रचनात्मक शक्ति बनता है।
‘मंथन’ प्रकल्प के माध्यम से समाज का उत्थान : साध्वी जी ने बताया कि दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का ‘मंथन’ प्रकल्प वंचित वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ संस्कार, आत्मविश्वास और मानवीय मूल्यों से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त नागरिक के रूप में स्थापित कर रहा है।
पूजन, संत समाज एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कथा के छठे दिन का शुभारंभ विधिवत यजमानगणों मुख्य यजमान गौतम कुकरेजा, सोनू कुकरेजा, गौरव कुकरेजा, प्रीति कुकरेजा, दैनिक यजमान राकेश गर्ग, सुदेश गर्ग, अमित गुप्ता, मेघा गुप्ता, चमन लाल कालिया, सुदेश कालिया, प्रदीप सोनू, आरती शर्मा, मुकेश गुप्ता, शैली गुप्ता, विजय धीमान, मंजू धीमान, तृप्ता देवी, सुनील शर्मा, पूजा शर्मा द्वारा पावन पूजन एवं ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। पावन श्री आरती के अवसर पर विजय सांपला (पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार), सुरिंदर सिंह (कॉरपोरेशन कमिश्नर), रॉबिन सांपला, प्रदीप खुल्लर, आत्म प्रकाश बबलू, दविंदर बजाज, सौरभ बजाज, रवि सैनी पार्षद, अमित तलवार, ऋषि आर्य, प्रिंसिपल राकेश शर्मा, अमरीक सिंह शालीमार ट्रांसपोर्ट, दमनप्रीत सिंह, सुतीक्ष्ण समरुल, हरिंदर सिंह ढींढसा अकाली दल, अजय गुप्ता, प्रमोद गुप्ता आदि सहित अन्य प्रभु भक्त भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्वामी परमानंद जी, स्वामी गिरधरानंद जी, स्वामी सदानंद जी, साध्वी पल्लवी भारती जी, साध्वी शशि प्रभा भारती जी, साध्वी रजनी भारती जी, साध्वी रीना भारती जी, साध्वी रीता भारती जी सहित अन्य संत समाज भी उपस्थित रहा।
संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा शहर के गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजकों एवं संत समाज ने समस्त जालंधर वासियों से अपील की है कि वे इस पावन ज्ञानयज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कथा श्रवण का लाभ उठाएँ, ‘मंथन’ प्रकल्प के सेवा कार्यों में सहभागी बनें और समाज व युवा पीढ़ी के सकारात्मक रूपांतरण के इस अभियान को सफल बनाएं।