दोआबा न्यूज़लाइन
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में आज दोपहर 3 मंजिला घर में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। धमाके की आवाज सुन आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि अमृतसर के अनगढ़ इलाके में स्थित 3 मंजिला घर में अचानक ब्लास्ट हो गया और घर में भयानक आग लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और एक महिला गंभीर रूप से झुलसी बताई जा रही है। मृतक महिला का नाम सुमन बताया गया है, जबकि गंभीर झुलसी हुई महिला की पहचान गुरप्रीत के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि दुर्घटनाग्रस्त घर की दीवारों और छत में दरारें पड़ गईं तथा खिड़कियों के शीशे टूट कर बिखर गए। यहां तक कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि इस 3 मंजिला घर के फर्स्ट फ्लोर पर पटाखे बनाने का काम होता था। इसके लिए वहां विस्फोटक जमा रखा हुआ था जिसमें धमाका हो गया। जिसके बाद बाकि के पठाखे ने आग पकड़ ली।
वहीं धमाके की सूचना पाकर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गईं। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घर के अंदर से झुलसी महिलाओं को बाहर निकाला गया। जिनमें जिस हादसे के वक़्त घर में 7-8 लोग मौजूद थे, जिनमें से 2 महिलाएं आग की चपेट में आ गईं जबकि बाकि के लोगों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
मौके पर पहुंचे ADCP विशालजीत सिंह ने कहा कि यह घर अशोक कुमार का है और उन्होंने अपने घर में पटाखे स्टोर किए थे। इन्हीं पटाखों ने आग पकड़ ली। जिसके बाद धमाके हुए और आग फ़ैल गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।