दोआबा न्यूज़लाईन (जालंधर/क्राईम)
(सतपाल शर्मा) जालंधर में गुंडागर्दी की वारदातें देखने को मिल रही है, ऐसी ही एक घटना देओल नगर से सामने आ रही है। जहां एक व्यक्ति और उसकी गर्भवती पत्नी पर कुछ हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना में व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि महिला के पेट पर चोटें आईं। देर रात दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया। जहां गर्भवती महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

दओल नगर निवासी शिवम ने बताया कि वह मूल रूप से अमृतसर के ब्यास कस्बे का रहने वाला है। करीब चार महीने पहले वह जालंधर शिफ्ट हुआ था। जालंधर में वह एक प्लाईवुड कारोबारी के पास काम करता है। उसकी पत्नी गर्भवती है, जब वह रात को अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास ले जा रहा था, तो सीमेंट और प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पत्नी को अश्लील इशारे किए। जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़ित की पत्नी उसे बचाने के लिए आगे आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने गर्भवती महिला के पेट पर मारा, जिससे उसका दर्द बढ़ गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिवम ने बताया कि उसकी पत्नी के आरोप हैं कि आरोपी पहले भी उसे परेशान करते थे। मगर उसने पहले कुछ नहीं बताया। क्योंकि वह लड़ाई नहीं करना चाहती थी। मगर आरोपियों ने सारी हदें पार कर दी।
इस सबंधी जानकारी देते हुए थाना भार्गव कैंप के SHO ने बताया कि 2 बजे के लगभग ही मामले के बारे में पता चला है, रात की हमें कोई भी सूचना नहीं मिली है। मौका देखने के लिए आई ओ को भेजा है। आगे बयानों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।