
दोआबा न्यूज़लाइन


वाराणसी: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते कल अपने दौरे पर वाराणसी पहुंचे। जहां उन्होंने आज शनिवार की सुबह वाराणसी से चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। यहां उन्होंने देश की जनता को करीब 18 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने वाराणसी से खजुराहो, फिरोजपुर-दिल्ली, एर्नाकुलम-बेंगलुरु और लखनऊ से सहारनपुर के बीच ट्रेनों की शुरुआत की। वाराणसी को यह 8वीं वंदे भारत ट्रेन मिली है।



बता दें कि पीएम मोदी शुक्रवार शाम 5 बजे वाराणसी पहुंचे। वे एयरपोर्ट से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) गेस्ट हाउस तक सड़क मार्ग से पहुंचे। इस दौरान 27 किमी लंबे रूट पर जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम का स्वागत किया। प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम के बाद आज शनिवार सुबह लगभग आठ बजे बरेका गेस्ट हाउस से बाई रोड बनारस रेलवे स्टेशन, मंडुआडीह पहुंचे। जहां उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में सफर करने वाले कुछ स्कूली बच्चों से बातचीत की और लगभग तीन हजार लोगों को संबोधित भी किया। जिसके बाद प्रधानमंत्री बिहार के दरभंगा के लिए रवाना हो गए।
वहीं अपने सम्बोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अब तो विदेशी यात्री भी वंदे भारत को देखकर अचंभित होते हैं। वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है। उन्होंने कहा कि हमारे भारत में सदियों से तीर्थ यात्राओं को देश की चेतना का माध्यम माना गया है। ये यात्राएं केवल देवदर्शन का मार्ग नहीं हैं, बल्कि भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा हैं।




