Thursday, March 20, 2025
Home जालंधर पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने जालंधर जिले को भेंट की 3 एंबुलेंस

पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने जालंधर जिले को भेंट की 3 एंबुलेंस

by Doaba News Line

राज्यसभा सदस्य और DC ने एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी

दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर: राज्यसभा सदस्य एवं मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आज अपने एम.पी लैड फंड से सिविल सर्जन कार्यालय एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी को 3 एंबुलेंस भेंट की। इन एम्बुलेंसों का उपयोग जिले में मरीजों के परिवहन, उनके त्वरित उपचार और सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य ने दिव्यांगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला रेडक्रॉस सोसायटी को 5 बैटरी चालित व्हीलचेयर भी प्रदान की। दिव्यांगों को आसान आवाजाही के लिए यह व्हील चेयर मददगार साबित होंगी।

दिव्यांगों के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी को सौंपी 5 व्हील चेयर

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल भी मौजूद रहे। एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि इनमें से 2 एम्बुलेंस सिविल सर्जन दफ्तर को और 1 एम्बुलेंस जिला रेड क्रॉस सोसायटी को दी गई है। उन्होंने कहा कि ये एंबुलेंस मरीजों को जल्दी और सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने में मदद करेंगी। भविष्य में भी हरसंभव मदद करने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे जिलावासियों की सेवा के लिए सदैव उपलब्ध है।

DC ने एंबुलेंस और व्हील चेयर के लिए हरभजन सिंह को जताया आभार

डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इस पहल के लिए राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस के माध्यम से समय पर अस्पताल पहुंच कर मानव जीवन को बचाया जा सकता है। उन्होंने सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी को लाभार्थियों तक व्हीलचेयर शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि मोहल्ला सरन तहसील नकोदर के जगदीश, गांव मालोवाल की सुखजीत कौर, बस्ती बावा खेल जालंधर के जसवीर सिंह, गांव सिंधर के अमरीक सिंह और गांव कांग कलां के यादविंदर सिंह को इन व्हील चेयर का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डाॅ. गुरमील लाल, जिला प्रोग्राम अधिकारी-कम-सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी मनजिंदर सिंह आदि भी उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment