
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए CBSE दसवीं कक्षा बोर्ड परीक्षा में 100% परिणाम हासिल किया। परीक्षा में शामिल हुए सभी 82 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। खास बात यह रही कि स्कूल के 11 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।

स्कूल के विद्यार्थियों में सुखमनवीर सिंह ने 99.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। मनमीत कौर ने 97.8% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि समीर सहोता ने 97% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। सुखमनवीर ने विज्ञान विषय में पूरे 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही मार्केटिंग एंड सेल्स विषय में इशिता मल्ल और मनमीत कौर ने भी 100 में से 100 अंक प्राप्त कर गौरव बढ़ाया।

इसके अलावा अन्य प्रमुख विद्यार्थियों में इशिता मल्ल (96%), हरनूर कौर निज्जर (94%), हरलीन (93.4%), हरमन शिमार (93.2%), हरनूर कौर (92.2%), अर्शदीप कौर (91.8%), हरजोत सिंह (91.6%) और रवनीत कौर निज्जर (91.2%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 81% से 90% के बीच अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 16 रही।
यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और स्कूल के उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण वातावरण को दर्शाते हैं। समस्त स्कूल प्रबंधन समिति और शिक्षक वर्ग ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, “यह शानदार परिणाम हमारे विद्यार्थियों की लगन, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। हम सदैव प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता को निखारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
स्कूल में इस खुशी के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा जश्न मनाया गया। मैनेजिंग कमेटी के सदस्य विनेश जैन जी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने सभी को दिल से बधाई दी तथा भविष्य में हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
