दोआबा न्यूज़लाइन
निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती होगी, पैसों का कोई लेनदेन न करे : मेयर
जालंधर: नगर निगम जालंधर में बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। नगर निगम में काफी समय से लंबित पड़ी फोर्थ क्लास कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस संबंध में निगम कमिश्नर की ओर से विज्ञापन जारी करते हुए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार इस संबंध में आवेदन पत्र डाउनलोड करने, जमा करने तथा भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए नगर निगम की आधिकारिक वैबसाइट www.mc jalandhar.in पर जा सकेंगे।
भर्ती प्रक्रिया कार्यक्रम के मुताबिक आवेदन पत्र 10 जनवरी 2026 से नगर निगम की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे, जबकि आवेदन जमा कराने की प्रक्रिया 15 जनवरी से आरंभ होकर 27 फरवरी तक जारी रहेगी। यह भर्ती पूर्णता सरकारी आरक्षण नीति (रोस्टर प्रणाली) के अनुसार की जाएगी, जिसके तहत संबंधित वर्गों को उनके निर्धारित अनुपात में आरक्षण दिया जाएगा।
नगर निगम हाउस द्वारा इस भर्ती प्रस्ताव को 10 जनवरी 2024 को ही मंजूरी दे दी गई थी। संयोगवश, उसी तारीख के ठोक दो वर्ष बाद यानी 10 जनवरी 2006 से आवेदन डाउनलोड होना शुरू होंगे। इस बीच भर्ती में देरी से बेरोजगार युवाओं में असमंजस और बेचैनी बनी रही। अब प्रक्रिया की शुरुआत की खबर के बाद शहरभर में चर्चा तेज हो गई है और बड़ी संख्या में युवाओं ने रुचि दिखानी शुरू कर दी है। कुल मिलाकर 1196 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जिसे निगम इतिहास की आज तक की बड़ी भर्तियों में से एक माना जा रहा है।
इस भर्ती प्रक्रिया में सफाई सेवक के 440 , गार्डन बेलदार/माली के 406, सीवरमैन के 165 , रोड बेलदार के 160 और फिटर कुली के 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। शुरुआती चरण में यह प्रक्रिया पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विस सिलेक्शन बोर्ड के माध्यम से करवाने का इरादा था, ताकि चयन पूर्णतः नियमबद्ध और पारदर्शी तरीके से हो सके। लेकिन बाद में निर्णय में बदलाव करते हुए भर्ती को रिकूटिंग एजेंसी आधारित प्रणाली करवाने पर सहमति बनी।
वहीं मेयर विनीत धीर ने कहा कि यह भर्ती पारदर्शी और सरकारी सिस्टम के तहत होगी, इसमें पैसों के लेनदेन की कोई गुंजाइश नहीं है। यदि कोई व्यक्ति, बिचौलिया या तथाकथित जनप्रतिनिधि किसी दूसरे के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसे नजरअंदाज करें। उल्लेखनीय है कि निगम यूनियन के दोनों गुट भी यह अपील कर चुके हैं कि भर्ती के लिए कोई भी किसी से पैसों का लेनदेन न करे।
इस भर्ती के लिए एक उच्च-स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें नगर निगम कमिश्नर, दोनों ज्वाइंट कमिश्नर, असिस्टेंट कमिश्नर, जिला समाज कल्याण कार्यालय का प्रतिनिधि, सिविल सर्जन कार्यालय का प्रतिनिधि, सैनिक भलाई विभाग के प्रतिनिधि जिला खेल अधिकारी के प्रतिनिधि, निगम के सभी एस. ई., डी. सी. एफ.ए. असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर तथा एस्टेब्लिशमेंट शाखा के सुपरिटेंडेंट को शामिल किया गया है।

