दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर: भारत-पाक तनाव के चलते पंजाब सहित देश के कई राज्यों में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पंजाब के जालंधर सहित कई जिलों में बीते दिनों पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन से हमला हुआ है। जिसके बाद अभी भी लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। लेकिन इस दौरान जालंधर में कुछ शरारती तत्वों ने पटाखे फोड़कर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की। जिसके बाद इलाके के लोग डर गए। लोगों को लगा कि ये मिसाइल धमाके की आवाज तो नहीं है।
वहीं धमाकों की आवाज आने की सूचना पाकर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच कर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने दर्ज की है। एएसआई गुरमेल सिंह के अनुसार भारत पाकिस्तान युद्ध के बीच जब उस पर विराम लग गया तो कुछ शरारती तत्वों द्वारा लोगों में भय का माहौल बनाने के लिए देर रात पटाखे और आतिशबाजी चलाई गई। जिससे इलाके के लोगों में दहशत फैल गई और लोग सहम गए।