दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर/क्राइम)
जालंधर : जालंधर-पठानकोट रोड पर तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोमवार सुबह करीब 4:55 बजे तोती के ढाबे के सामने एक अज्ञात कार ने पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना SSF (स्टेट सेफ्टी फोर्स) टीम को दी। सूचना मिलते ही टीम महज 5 मिनट में मौके पर पहुंच गई। SSF टीम ने मौके पर देखा कि घायल की हालत बेहद नाजुक थी। जिसकी जालंधर के सिविल अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्दुल गानी गाफी भट्टी (56 वर्ष) पुत्र सैफ उद्दीन भट्टी, निवासी सेनाबती, रामबन (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद मजीद आसिफ, पुत्र नजीर अहमद, निवासी सेनाबती रामबन ने घटना की पुष्टि की।

जानकारी देते हुए SSF टीम के ASI रणधीर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया था। जिसको SSF टीम ने कोन लगाकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और अन्य किसी दुर्घटना से बचाव किया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लाधड़ा चौकी (थाना भोगपुर) में तैनात ASI सरबजीत सिंह को फोन के माध्यम से दी गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।SSF रूट नंबर 94502 (नूरपुर से चोलांग) पर तैनात ASI रणधीर सिंह और कांस्टेबल अमनदीप सिंह ने पूरी मुस्तैदी से राहत कार्य को अंजाम दिया।