दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर : इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच घोषित पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम का हम दिल से स्वागत करते हैं। यह निर्णय दोनों देशों के नागरिकों और सैनिकों की सुरक्षा, मानवीय हितों और व्यापारिक स्थिरता की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इससे फंड्स की अनावश्यक बर्बादी, जन-धन की हानि और औद्योगिक क्षेत्र को होने वाले नुकसान का भी नियंत्रण संभव होगा।
शर्मा ने अमेरिका के राष्ट्रपति *डोनाल्ड ट्रंप, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और भारतीय सेनाके पराक्रमी जवानों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिनके योगदान से ही यह स्थिति नियंत्रण में आ सकी। उन्होंने कहा कि युद्ध में भारतीय सेना का अद्वितीय शौर्य और संयम वास्तव में देश की शान साबित हुआ।
बीते दिनों सीमा पर बढ़े तनाव के कारण कई निर्दोष लोगों की जान गई, हजारों परिवारों को विस्थापन का सामना करना पड़ा और आम जनजीवन भय की स्थिति में आ गया। इसके प्रतिकूल प्रभाव औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ा। नाइट शिफ्ट जैसे कार्य बंद हो गये, जिससे श्रमिकों के रोजगार पर संकट मंडराने लगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों से आए मजदूर युद्ध के डर से अपने गृह नगर लौटने को मजबूर होने लगे थे, जिससे उत्पादन बाधित होने लगा।
शर्मा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि आगे भी *संवाद, संयम और कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे भारत और पड़ोसी देशों के बीच स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान निकलते रहें।