दोआबा न्यूज़लाइन
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के रायकोट में नगर कौंसिल चुनाव के दौरान सुबह भारी हंगामा देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार रायकोट में मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि रायकोट में मतदान के दौरान वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर कथित तौर पर हमला किया गया। हमले में जग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार घायल उम्मीदवार जग्गा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायकोट के एक निजी अस्पताल से लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। कहा यह भी जा रहा है कि रायकोट शहर में पिछले दो दिनों से चुनावी माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड नंबर 4 समेत कुछ इलाकों में पहले से ही झड़प की आशंका जताई गई थी। बताया यह भी जा रहा है कि सोमवार रात भी दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर विवाद और हाथापाई हुई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाई।
वहीं हमले के बाद कांग्रेस समर्थकों का आरोप है कि मंगलवार सुबह जब जगदेव सिंह अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे, तभी उन पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमनदीप मान मांगट के समर्थकों ने जग्गा को रास्ते में घेर लिया और किरपानों से उसपर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।