Home जालंधर “वेस्ट बचाओ मोर्चा” मुहिम के बैनर तले नशे के खिलाफ एकजुट हुए विपक्षी पार्टियों के नेता

“वेस्ट बचाओ मोर्चा” मुहिम के बैनर तले नशे के खिलाफ एकजुट हुए विपक्षी पार्टियों के नेता

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: जालंधर वेस्ट में बढ़ती हुई नशे की बिक्री और बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था को देखते हुए जालंधर वेस्ट हल्के में भाजपा, कांग्रेस और शिअद नेताओं ने महापंचायत की। बता दें कि पिछले कई दिनों से जालंधर के वेस्ट हल्के में लगातार नशे से संबंधित,हत्या,  गुंडागर्दी और चोरी की वारदातें बढ़ रही थीं। इस महापंचायत को लेकर वेस्ट हल्के के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल सक्रिय हुए थे, इसके बाद “वेस्ट बचाओ मोर्चा” की नीवं रखी गई।

इस बैनर के नीचे अलग – अलग पार्टियों के नेता- वर्कर और भारी मात्रा में इलाका निवासी 120 फीट रोड पर इकट्ठा हुए और पंजाब की आम आदमी की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर आरोप लगाया कि पंजाब सरकार वेस्ट विधानसभा हल्के में कानून व्यवस्था बनाने में बिल्कुल विफल रही।    

महापंचायत के दौरान नेताओं ने कहा कि अगर कारोबार और यूथ को बचाना है तो सभी को एकजुट होना होगा। नशे और अपराध के खिलाफ लोग सक्रिय हों। वहीं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि मेरे भतीजे की हत्या हुई, लेकिन पुलिस खामोश है। कांग्रेस पार्टी की वेस्ट हल्के की इंचार्ज सुरिंदर कौर ने कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर मिलकर चलने का है। बच्चों को नशे से बचाने का है। उन्होंने यह भी कहा कि जब बाड़ ही फसल को खाना शुरू कर दे तो उस बाड़ को ही काट देना चाहिए।

इस महापंचायत में यह फैसला लिया गया कि शहर में वार्ड स्तर पर कमेटियां बनेंगी, जिसमें सरकार के खिलाफ मशाल मार्च निकाले जाएंगे, जिसके जरिए लोगों को जागृत किया जाएगा। इस दौरान सभी विपक्षी दलों के कई सीनियर नेता और कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।


 

 

 

You may also like

Leave a Comment