दोआबा न्यूजलाइन

मंडी: हिमाचल के मंडी के सरकाघाट से आज सुबह एक भयानक एक्सीडेंट की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह सरकाघाट के मसेरन क्षेत्र में हिमाचल रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक सड़क हादसे में 5 की मौत और 21 के करीब यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 4 महिलाएं व एक किशोर और 2 पुरुष शामिल हैं।

बताया जा रहा है की दुर्घटनाग्रस्त बस यात्रियों को लेकर सरकाघाट से जमनी जा रही थी। हादसे के वक़्त बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। यह हादसा सुबह 9 बजे मसेरन के तांगरा मोड़ के पास हुआ। जहां एक कार को पास देते समय अनयंत्रित होकर बस सीधे 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद पूरे इलाके में घायल यात्रियों की चीख पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए घटनास्थल पर पहुँच गए। एंबुलेंस सेवाएं भी तुरंत सक्रिय हो गईं, जिनमें 108 सेवा की कई गाड़ियां शामिल थीं। जिसके बाद लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल सरकाघाट के मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं कई घायल यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर व आइजीएमसी शिमला भी रेफर कर दिया गया है।
CM सुक्खू की X पर पोस्ट

इस भयानक सड़क हादसे का पता चलते ही उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। उपमुख्यमंत्री घायलों का हाल जानेंगे व दुर्घटना के कारणों की भी अधिकारियों से जानकारी लेंगे। वहीं इस दुखद हादसे पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट शेयर कर दुःख प्रकट किया है।