Home राजनीति हिमाचल के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने नई दिल्ली में PM मोदी से की भेंट

हिमाचल के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने नई दिल्ली में PM मोदी से की भेंट

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से संबंधित प्रमुख मामलों पर किया विचार विमर्श

शिमला: हिमाचल के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। राज्यपाल के रूप में प्रदेश का कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त प्रधानमंत्री के साथ उनकी यह पहली शिष्टाचार भेंट है। बैठक के दौरान राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के विकास और जनकल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया। उन्होंने ‘नशा-मुक्त हिमाचल अभियान’ और ‘टीबी-मुक्त हिमाचल अभियान’ जैसे महत्वपूर्ण पहलों से प्रधानमंत्री को अवगत करवाया। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना है।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य है। लोगों को प्राकृतिक खेती पद्धति अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैै जिससे बड़ी संख्या में किसान और बागवान रसायन मुक्त कृषि पद्धति को अपना रहे हैं। उन्होंने इन पहलों को और अधिक बढ़ावा देने तथा विस्तार प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पहाड़ी राज्य हिमाचल पूरी तरह से शून्य लागत और पर्यावरण-अनुकूल कृषि पद्धति को अपनाकर दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करेगा।

वहीं कविन्द्र गुप्ता ने यह भी कहा कि इन विकासात्मक पहलों को गति देने के लिए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्य और केंद्र के बीच समन्वित प्रयासों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश में समग्र विकास, जनकल्याण और सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।


 

 

 

You may also like

Leave a Comment